सोलन में कोरोना की दवाओं पर संकट, खत्म हुई कई दवाइयां 

Himachal News Others Solan
DNN सोलन ब्यूरो (आदित्य सोफत)
22 अप्रैल। कोरोना वायरस के खतरे के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की बार-बार पोल खुल रही है। सोलन में अब कोरोना को लेकर दी जाने वाली दवाओं पर संकट आने लगा है। दवाइयों की खेप के कम होने के कारण आगामी समय में परेशानी झेलनी पड़ सकती है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच एक के बाद एक पोल स्वास्थ्य विभाग की खुलती दिखाई दे रही है। इसका खामियाजा क्या होगा यह भविष्य के गर्भ में छुपा हुआ है।  बरहाल, इस दवाओं की आपूर्ति के लिए जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा पत्र लिखा दिया है। जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोरोना वर्तमान में  दवाइयों की खेप गुरुवार देर शाम जिला स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंचनी है।
बताया जा रहा है कि सोलन में पिछले लगभग चार से पांच दिनों में कोरोना की दवाइयों में कमी आई है। बीते दिनों वायरल हुए वीडियों में भी व्यक्ति ने दवाओं की आपूर्ति पर सवाल उठाए है। दवाएं कम होने के कारण कोरोना पॉजिटिव लोगों को मात्र दो दिन की दवाइयां दी जा रही है। इस व्यक्ति को भी दो दिन की दवाइयां दी गई थी और कोर्स के हिसाब से किट में दवाइयां नहीं थी। उधर, सरकार बार-बार दावें कर रही है कि कोरोना की स्थिति से निपटने के लिए दवाइयां व अन्य सभी चीजें पर्याप्त मात्रा में है, लेकिन सोलन में एक दम कोरोना दवाइयों में कमी आना बड़े सवाल खड़े कर रही है।
गौरतलब हो कि सोलन जिला में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में ही कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा एक हज़ार से पार हो गया है। इससे जहां स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ती जा रही है, वहीं इन दिनों कोरोना की दवाओं में कमी आना भी एक बड़ी बात है।
क्या कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी का
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डा. राजन उप्पल का कहना है कि कोरोना दवाओं की आपूर्ति की जा रही है।  गुरुवार शाम को खेप जिला स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंच जाएगी। वर्तमान में एक ही दवा की कमी है।

News Archives

Latest News