सोलन में एन.एस.जी. ने मचाई…

Himachal News Solan Sports

डीएनएन सोलन
शिक्षा, विधि तथा संसदीय मामले मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज यहां 18वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा भी की।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों तथा केंद्रीय पुलिस बलों के 118 खिलाडि़यों ने भाग लिया। प्रतियोगिता की टीम प्रतिस्पर्धा में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की टीम विजेता रही। गुजरात पुलिस की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
वेटरन डबल्स प्रतिस्पर्धा में भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जसपाल सिंह तथा श्याम सिंह मेहरोत्रा विजयी रहे। भारत तिब्बत सीमा पुलिस के एस.बी. शर्मा तथा मध्य प्रदेश पुलिस के ओ.पी. दीक्षित द्वितीय स्थान पर रहे। इसी प्रतिस्पर्धा के सिंगल्स मुकाबलों में सीमा सुरक्षा बल के डी.पी. सिंह विजेता तथा मध्य प्रदेश पुलिस के ओ.पी. दीक्षित दूसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता के ओपन डबल्स मुकाबलों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के रणदीप दत्ता तथा जय कुमार विजयी रहे। जबकि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के ही रंजन एवं नदीम दूसरे स्थान पर रहे। ओपन सिंगल्स मुकाबलों में भारत तिब्बत सीमा पुलिस के अक्षय आहूजा विजेता तथा पंजाब पुलिस के आशीष कपूर दूसरे स्थान पर रहे। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के मेजर के.एस. सिवाच को ‘प्लेयर ऑफ दि टूर्नामेंट’ घोषित किया गया। शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर प्रतियोगिता के मुख्य रेफरी बीरबल बढेरा को भी सम्मानित किया। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि देश के पुलिस बल हर समय विभिन्न परिस्थितियों में कार्यरत रहते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी पुलिस के अधिकारी और जवान सदैव कार्य के लिए तत्पर एवं किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहते हैं। ऐसी परिस्थितियों में स्वभाविक रूप से व्यक्ति तनाव में आ सकता है। विषम कार्य परिस्थितियों एवं हर समय तैयारी के दृष्टिगत अनेक बार पुलिस कर्मियों को मानसिक दबाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थतियों से निपटने एवं मानसिक एवं शारीरिक दबाव को सहने में खेल सहायक सिद्ध होते हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेल न केवल हमें स्वस्थ रखते हैं अपितु हमें विषम परिस्थितियों का सामना करना भी सिखाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल को सदैव खेल की भावना से ही खेला जाना चाहिए। खेल में जीतने से अधिक भाग लेना महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों का आह्वान किया कि वे सदैव देश के संविधान और नियमों का पालन करें।

News Archives

Latest News