DNN कुठाड़ (ईश्वर दत्त)
कृष्णगढ़ कुठाड़ में खोले गए शराब के ठेके का विरोध हो रहा है। पंचायत, युवा मंडल, महिला मंडल इसे शिफ्ट करने के लिए मैदान में कूद गए है। सैंकड़ों लोगों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन एडीएम विवेक चंदेल को सौंपा और उसमें मौजूदा स्थान से शराब का ठेका हटाने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल में शामिल रहे कृष्णगढ़ कुठाड़ के प्रधान राम नाथ वरिष्ठ, सवित्री शर्मा, उप प्रधान पवन शर्मा, युवा मंडल के प्रधान ललित शर्मा ने बताया कि कुठाड़ में कानून को ठेंगा दिखाते हुए शराब का ठेका ऐसे स्थान पर खोल दिया गया है जहां पर स्कूल के बच्चों का बस स्टॉप है और इसके 100 मीटर के दायरे में ही 1 स्कूल, आई.टी.आई, मंदिर व दरगाह हैं। इस ठेके के इर्द गिर्द रिहायशी क्षेत्र भी है। प्रतिनिधि मंडल ने ए.डी.एम. से शराब का ठेका पुराने स्थान पर शिफ्ट करने या फिर पूरी तरह से बंद करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही संबंधित विभाग ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया, तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वहीं प्रतिनिधि मंडल का ए.डी.एम. विवेक चंदेल ने आश्वस्त किया कि जल्द ही इस दिशा में जिला प्रशासन उचित कार्रवाई करेगा।















