सोलन में आज एकजुट हो रहे हैं युवा कांग्रेसी बनाएंगे अपने भविष्य को लेकर अगली रणनीति

Politics Solan

DNN सोलन
सोलन शहर में रविवार को कांग्रेस की एक बड़ी गुप्त बैठक होने जा रही है। इस बैठक में प्रदेश भर से युवा कांग्रेस से जुड़े युवाओं के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है। बैठक में युवा पार्टी में अपने भविष्य को लेकर आगामी रणनीति बनाएंगे। इसके लिए बकायदा सोलन में एक निजी स्थान को बुक किया गया है जहां पर बैठक आयोजित की जाएगी। पिछले कुछ समय से कांग्रेस में स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे युवा कांग्रेस के नेता अपने समर्थकों के साथ इस बैठक में सामूहिक तौर पर बड़ा निर्णय भी ले सकते हैं। पता चला है कि पिछले 1 सप्ताह से इस बैठक की तैयारी सोलन में चली हुई थी। इस बैठक में विशेष तौर पर वे नेता भाग ले रहे हैं जिनका सोलन से कोई ना कोई नाता रहा है। यानी सोलन कॉलेज की राजनीति से हिमाचल प्रदेश की राजनीति में पहुंचे विभिन्न युवा इस बैठक में शामिल हो रहे हैं। चंबा से लेकर सोलन तक सभी जिलों के युवा इस बैठक में भाग लेने की जानकारी भी मिली है।
आपको बता दें कि सोलन कॉलेज व कोटलानाला चित्र सहित कई युवा हिमाचल प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब हुए हैं। लगभग प्रत्येक जिले में ऐसा कोई ना कोई नेता है जिस का नाता सोलन से जरूर है।
कालेज की राजनीति में विभिन्न एवं पदों पर रहे युवा पिछले कुछ समय से पार्टी में स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और लंबे समय से वे राजनीतिक संघर्ष में लगे हैं, लेकिन पार्टी में युवाओं की हो रही अनदेखी के चलते रविवार को सोलन में युवाओं ने बैठक रखी है और इस बैठक में पार्टी में अपने अगले भविष्य को लेकर युवा चर्चा करेंगे।
वैसे भी पंजाब चुनाव जीतने के बाद हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी भी सक्रिय हो रही है। ऐसे में कांग्रेस व भाजपा से जुड़े उपेक्षित लोगों को एक विकल्प पर भी अब नजर आने लगा है और इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों में लंबे समय से उपेक्षित महसूस कर रहे राजनेताओं के लिए आम आदमी पार्टी एक बेहतर विकल्प होकर सामने आ रही है। अब इस बैठक के बाद युवा कांग्रेस से जुड़े यह नेता क्या निर्णय लेते हैं। यह तो शाम तक साफ हो जाएगा, लेकिन इतना जरूर है कि इस बैठक से कांग्रेस के आला नेताओं के कान भी खड़े हो गए हैं।

News Archives

Latest News