डीएनएन सोलन
सोलन जिले में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अंतर्गत पोलियो टीकाकरण का प्रथम चरण 28 जनवरी, 2018 से 30 जनवरी, 2018 तक तथा द्वितीय चरण 11 मार्च, 2018 से 13 मार्च, 2018 तक आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त सोलन राकेश कंवर ने दी। पोलियो से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए राकेश कंवर ने कहा कि नवजात शिशुओं तथा बच्चों को विभिन्न रोगों से बचाने एवं उनकी प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करने के उद्देश्य से बच्चों का विभिन्न चरणों में टीकाकरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिले में सभी का यह दायित्व बनता है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण द्वारा निर्धारित टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग दे।
राकेश कंवर ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ता यह सुनिश्चित बनाएं कि 28 जनवरी, 2018 को अधिक से अधिक बच्चे पोलियो टीकाकरण के लिए बूथ तक पहुंचे। उन्होंने प्रदेश पथ परिवहन निगम को निर्देश दिए कि जिले के विभिन्न बस अड्डों में पोलियो टीकाकरण बूथ स्थापित करने में स्वास्थ्य विभाग को सहयोग दें। उन्होंने कहा कि जिले में बसों में यात्रा कर रहे निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण करने के लिए सचल टीमें भी तैनात की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जिले के सीमांत क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि जिले के औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत प्रवासी श्रमिकों के बच्चों का पूर्ण पोलियो टीकाकरण सुनिश्चित बनाया जाए।
उपायुक्त ने विभिन्न स्वयं सेवी संगठनों से आग्रह किया कि वे पोलियो टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. आरके दरोच ने पोलियो टीकाकरण अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पोलियो टीकाकरण अभियान में शून्य से पांच वर्ष आयुवर्ग के 85065 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए 440 बूथ स्थापित किए जाएंगे। 6 सचल बूथ स्थापित होंगे। 21 मोबाईल टीमें कार्यरत रहेगी। कुल 5579 टीका वायल प्रयोग की जाएगी। उन्होंने कहा कि गत वर्ष इस अभियान के 86205 बच्चों का टीकाकरण किया गया था। अभियान में 1962 कर्मचारी प्रयुक्त होंगे।















