सोलन जिला में पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल फेल

Himachal News Others Solan

DNN सोलन

21 अप्रैल ज़िला के बीबीएन में पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल फेल हो गए हैं। विभाग ने यह सैंपल हाल ही बद्दी और नालागढ़ से भरे थे और जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजे थे। इन सैंपलों की रिपोर्ट हाल ही में विभाग के पास पहुंची है। रिपोर्ट के अनुसार पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल सब-स्टेंडर्ड और मिस-ब्रांडेड पाए गए हैं। विभाग ने संबंधित दुकानदारों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब न आने पर विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बीबीएन क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुज शर्मा की अगुवाई में टीम ने सैंपल भरे थे। इनमें पनीर, सरसों तेल, रिफाइंड, लाल राई, टोमेटो प्यूरी, दाल, लाल मिर्च समेत कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे थे। इन सैंपलों को जांच के लिए विभाग ने सीटीएल कंडाघाट भेजा था। इनमें से बद्दी क्षेत्र से भरे गए सरसों तेल, रिफाइंड और राई के सैंपल जांच के दौरान मिस ब्रांडेड आए हैं। जबकि नालागढ़ से टोमेटो प्यूरी का सैंपल मिस ब्रांडेड व पनीर का सैंपल सब-स्टेंडर्ड पाया गया है। विभाग ने 15 दिन के भीतर संबंधित दुकानों से जवाब मांगा है।
वहीं, हाल ही में जिला से भरे गए सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। अप्रैल माह में अभीतक विभाग की टीम ने 12 सैंपल भरे हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा हुआ है। यह सैंपल भी विभाग की टीमों ने सोलन और बीबीएन क्षेत्र से भरे हुए हैं। उधर, जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि विभाग की ओर बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों समेत न्यूट्रास्युटिकल पर नजर बनाई हुई है। विभाग की टीम औचक निरीक्षण कर सैंपल एकत्र कर रही है। हाल ही में बीबीएन से भरे गए पांच सैंपल फेल हुए हैं। इन्हें नोटिस जारी कर दिए है।

News Archives

Latest News