डीएनएन सोलन
सोलन जिले में शीघ्र ही टमाटर आधारित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी सोलन में कृषि, जनजातीय विकास तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. राम लाल मार्कण्डा ने दी। मार्कण्डा ने कहा कि सोलन जिला प्रदेश में टमाटर के उत्पादन में अग्रणी है। प्रदेश सरकार शीघ्र ही यहां टमाटर आधारित प्रसंस्करण उद्योग की स्थापना करेगी। जिला कुल्लु में आलू आधारित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित किया जाएगा। इससे जहां प्रदेश में उत्पादित होने वाले टमाटर एवं आलू की फसल का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित होगा वहीं किसानों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि प्रसंस्करण उद्योग युवाओं को बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार उपलब्ध करवाने में भी सहायक सिद्ध होगा। सोलन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल की आर्थिकी मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है तथा वर्तमान प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र में उन्नत तकनीक के उपयोग पर बल देगी। प्रदेश की सभी मण्डियों में मूलभूत सुविधाएं एवं आवश्यक अधोसरंचना उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अधोसंरचना विस्तार एवं अन्य आवश्यकताओं तथा कमियों को जानने के लिए वे स्वंय विभिन्न मण्डियों को दौरा कर रहे हैं। आज प्रात: भी उन्होंने परवाणु स्थित सब्जी मण्डी का दौरा किया। उन्होंने कहा कि परवाणु सब्जी मण्डी के विकास पर एक करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यहां अधोसंरचना विकास के साथ-साथ किसान भवन भी निर्मित किया जाएगा। निकट भविष्य में परवाणु सब्जी मण्डी में वर्षभर विपणन कार्य होगा। सभी मण्डियों तक आने-जाने वाले मार्गों को सुधारा जाएगा।
डॉ. मार्कण्डा नेे कहा कि प्रदेश की सभी 19 मण्डियों को नियमित रूप से आनलाईन राष्ट्रीय कृषि बाजार से जोड़ा जाएगा ताकि प्रदेश की मण्डियां सही अर्थों में देश की विभिन्न मण्डियों से जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 9 लाख 87,000 पंजीकृत किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जोड़ा जाएगा। वर्तमान में 01 लाख 14,000 किसान इस योजना से जुड़े हैं। राम लाल मार्कण्डा ने कहा कि प्रथम फरवरी, 2018 को चंबा से प्रदेश के सभी जिलों में अधिकृत उर्वरक बिक्री केन्द्रों पर उर्वरक की बिक्री पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीनों के माध्यम से करने की योजना का शुभारंभ किया गया है।
