डीएनएन सोलन
उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन गर्मियों के मौसम में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस वर्ष गर्मियों के दौरान जि़ला प्रशासन टैंकों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति सीधे जल भंडारण टैंकों में करेगा ताकि सभी को पेयजल का समान वितरण सुनिश्चित हो। विनोद कुमार आज यहां पुलिस अधीक्षक मोहित चावला के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
विनोद कुमार ने कहा कि गर्मियों के मौसम में जलापूर्ति में होने वाली कमी के दृष्टिगत जि़ला प्रशासन ने टैंकरों के माध्यम से जल उपलब्ध करवाने के लिए निविदाएं आमंत्रित कर ली हैं। इस वर्ष जल भंडारण टैंकों में टैंकरों द्वारा सीधी जलापूर्ति सुनिश्चित बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिले में 100 दिन के एजैंडे पर कार्य किया जा रहा है। सभी विभागों को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर 100 दिवस के एजैंडे में की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
विनोद कुमार ने कहा कि सोलन जिले में विभिन्न सड़कों एवं संपर्क मार्गों का समुचित रखरखाव, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा प्रदेश सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उपायुक्त ने कहा कि सोलन जिले को पहले ही खुले में शौचमुक्त घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित बनाएगा कि औद्योगिक क्षेत्रों एवं झुग्गी-झोंपड़ी बहुल क्षेत्रों में सामुदायिक शौचालय स्थापित किए जाएं ताकि इन क्षेत्रों में श्रमिकों एवं अन्यों को शौचालय सुविधा प्राप्त हो सके।
विनोद कुमार ने कहा कि सोलन में अवैध निर्माण के विरूद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। नगर परिषद सोलन द्वारा इस संबंध में अवैध कब्जों की एक सूची तैयार की गई है। प्रशासन इस पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएगा।
उन्होंने कहा कि सोलन शहर में नालियों को पक्का करने कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस कार्य के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्य मार्ग से मिनी सचिवालय को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को भी शीघ्र पक्का किया जाएगा। मिनी सचिवालय में वाहनों के आने-जाने के लिए अलग-अलग निकासी द्वार स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन को निर्देश दिए जाएंगे कि विभिन्न विद्यालयों के छात्रों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की पूरी जांच की जाए। इस कार्य में सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित बनाई जाएगी। शहर में चलाए जा रहे ऑटो रिक्शा में किराया सूची प्रदर्शित करना अनिवार्य बनाया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि पत्रकारों के सहयोग से ही प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन लोगों को नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध करवाने, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने एवं सुशासन प्रदान करने में सफल हो सकता है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे न केवल कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए अपितु जिला प्रशासन को कमियों की जानकारी एवं उचित फीडबैक भी प्रदान करें।
पुलिस अधीक्षक सोलन मोहित चावला ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस का प्रमुख दायित्व है। उन्होंने कहा कि सोलन जिले में नशाखोरी पर लगाम लगाने के लिए विभिन्न उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई ‘गुडि़या’ हेल्पलाइन तथा ‘शक्ति’ बटन ऐप की महिलाओं को जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी परेशानी के समय महिलाएं गुडि़या हेल्पलाइन नंबर 1515, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 पर संपर्क कर सकती हैं। शक्ति बटन ऐप को गुगल ऐप से डाउनलोड किया जा सकता है। मोहित चावला ने कहा कि नागरिक परेशानी की स्थिति में पुलिस को व्हाटसऐप नंबर 76500-00600 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से अक्षम किसी व्यक्ति की जानकारी निःशुल्क टोल फ्री नंबर 1800-180-2867 पर दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन लोगों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. शिव कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

















