DNN हमीरपुर
3 अक्तूबर सुजानपुर में लगातार चल रहे शह और मात के सियासी खेल में अब बीजेपी की पूर्व जिला परिषद चेयरमैन सुनीता देवी ने अपनी मंडली सहित कांग्रेस ज्वॉइन की है। चुनावों से ऐन पहले बीजेपी के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है। बीजेपी की पूर्व जिला परिषद चेयरमैन सुनीता ने विधायक राजेंद्र राणा की सरपरस्ती में कांग्रेस की नीतियों पर भरोसा करते हुए करीब एक दर्जन परिवारों के साथ कांग्रेस का दामन थामा है। बीजेपी को छोड़ कांग्रेस में आई पूर्व जिला परिषद चेयरमैन ने कहा कि जिस परिवार और पार्टी में सदस्यों व कार्यकर्ताओं का सम्मान न हो उस पार्टी के साथ जुड़े रहना कार्यकर्ताओं के कतई हित में नहीं है। सुनीता धीमान ने कहा कि बीजेपी के नेता कार्यकर्ताओं को सत्ता हासिल करने के लिए टूल की तरह प्रयोग करते हैं और उसके बाद कार्यकर्ताओं की कहीं कोई पूछ-पहचान नहीं होती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सामाजिक काम होना तो दूर की बात, बीजेपी में कार्यकर्ताओं को निरंतर निराशा मिल रही है। जिस कारण से वही बीजेपी को छोड़ कांग्रेस ज्वॉइन कर रही हैं। पूर्व जिला परिषद चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं से बीजेपी में चल रही बेइमानी के कारण अब कार्यकर्ता बीजेपी में घुटन महसूस करने लगे हैं। इसी के चलते उन्होंने अपने संगी-सहयोगियों के साथ बीजेपी से अलग होना ही सही माना है। सुनीता धीमान के सम्मान में विधायक राजेंद्र राणा ने उनको पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया व साथ ही यह आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी में उनके मान-सम्मान की गारंटी तमाम सुजानपुर कांग्रेस ले रही है। क्योंकि कार्यकर्ताओं के कारण नेताओं और पार्टी का वजूद है, न कि नेताओं के कारण कार्यकर्ताओं का वजूद है। इसलिए उनका मान-सम्मान बहाल करना किसी भी नेता का पहला व अंतिम फर्ज है। राणा सुजानपुर क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में एडवांस चुनाव प्रचार में उतरे हैं। जहां वह ग्रामीण स्तर पर लोगों की समस्याओं को समझ कर उनका यथासंभव हल दे रहे हैं। राणा ने कहा कि जनता व कार्यकर्ता बड़े नाम व बड़े नेता के कारण नहीं जुड़ते हैं। कार्यकर्ताओं को सच और ईमानदारी का भरोसा जोड़ता है और इसी मूलमंत्र पर वह लोगों को कांग्रेस में जोडऩे में सफल और सक्षम रहे हैं।















