सीएम जयराम ठाकुर का तंज-पहाड़ की चढ़ाई ‘आप’ के बस में नहीं, यहां तो केवल मामा-भांजे ही सफल

Himachal News Others Sirmaur

DNN हरिपुरधार

05 मई। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गुरूवार को सिरमौर जिला के हरिपुरधार क्षेत्र के दौरे पर रहे। मुख्यमंत्री यहां हरिपुरधार में चल रहे तीन दिवसीय मां भंगायनी मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र में करीब 80 करोड़ रूपए की लागत से 22 विभिन्न परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए, जिसमें 12 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व 10 शिलान्यास शामिल रहे। तत्पश्चात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हरिपुरधार में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आम आदमी पार्टी व कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने करीब 80 करोड़ रूपए के उद्घाटन व शिलान्यासों के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने इस दौरान आम आदमी पार्टी पर भी तंज कसा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश मैदान इलाका नहीं है। यहां पहाड़ की चढ़ाई चढ़ते-चढ़ते सांसे फूल जाती है। लिहाजा पहाड़ चढ़ना आम आदमी पार्टी के बस में नहीं है। यहां तो केवल और केवल मामा-भांजे ही इस चढ़ाई को चढ़ सकते हैं, यानी प्रदेश के इतिहास में यहां केवल दो ही पार्टियों का वजूद रहा है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल को दिल खोलकर मदद दी है। 800 करोड़ रूपए की सहायता केंद्र सरकार से ही मिली है। डबल ईंजन की सरकार होने की वजह से ही प्रदेश में 100-100, 200-200 करोड़ रूपए के उद्घाटन व शिलान्यास हो रहे हैं। उन्होंने जिला के लोगों से आहवान करते हुए कहा कि इस साल नवंबर माह में चुनाव होने है। ऐसे में उन्होंने जिलावासियों से सहयोग की अपील करते हुए सिरमौर से पांचों की पांचों सीटें भाजपा की झोली में डालने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि साढ़े 4 वर्ष के कार्यकाल में सरकार ने जिला सिरमौर की हर मांग को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब देने की बारी जनता की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला के गिरीपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा मिले, इसके लिए भाजपा सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है। लंबे अरसे से चली आ रही इस मांग को मुकाम तक पहुंचाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही क्षेत्र की यह मांग भी पूरी होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि विपक्ष को विकास दिखाई नहीं देता।
जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री
इससे पूर्व हरिपुरधार पहुंचने पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। जनसभा से पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां पहुंचने पर मां भंगायनी मंदिर में शीश नवाया। इस मौके पर उर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, विधायक डा. राजीव बिंदल, पूर्व विधायक बलदेव तोमर सहित अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।

News Archives

Latest News