सिरमौर में 16 साल की नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Crime Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

14 सितंबर। सिरमौर जिला में एक 16 साल की नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पीड़िता को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दुष्कर्म का यह मामला जिला मुख्यालय नाहन में सामने आया है।आरोपी युवक कालाअंब के खैरी क्षेत्र का रहने वाला है। वारदात के बाद पीड़िता को हालत ठीक न होने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फ़िलहाल पीड़िता की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस से मिली शुरुआती जांच में यह पता चला है कि आरोपी ने नाहन में मकान किराए पर लिया हुआ था, जोकि कभी कभार यहां आया करता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। लिहाजा इस घटना से जुड़े तथ्य बाद में ही सामने आएंगे, लेकिन यह पता चला है कि पीड़िता को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया था। मेडिकल कॉलेज से ही पुलिस को दुराचार की इस घटना के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस ने तुरंत ही आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमों को रवाना कर दिया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर वारदात से जुड़े तथ्यों को जुटाएगी।
वहीं डीएसपी हेडक्वार्टर मीनाक्षी शाह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोक्सो एक्ट के तहत महिला थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया है। डीएसपी ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई थी। पीड़िता के बयान भी कलमबद्ध किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपी से भी पूछताछ जारी है।

News Archives

Latest News