DNN नाहन
01 अक्टूबर। सिरमौर जिले के राजगढ उपमंडल के पलाशला गांव मे लैंडस्लाइड की चपेट में आए जेसीबी ऑपरेटर अंकित का शव 5 दिन के बाद जेसीबी मशीन से मलबा हटाने के बाद मिला है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ अस्पताल पहुंचा दिया है। पिछले 2 दिनों से भूस्खलन के साथ आए मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन कार्य कर रही थी। शनिवार को अंकित का शव मलबे में दबा मिला।
दरअसल सोमवार रात उपमंडल संगड़ाह की लानाचेता पंचायत के किट्टा गांव के एक 22 वर्षीय युवक की मलबे में दबी मशीन हालांकि मंगलवार को मिल चुकी थी। मगर ऑपरेटर का कोई पता न चल सका था। बुधवार व वीरवार को एनडीआरएफ की टीम ने भी अंकित को तलाश करने का प्रयास किया। मगर उन्हें अंकित नहीं मिल सका। शुक्रवार व शनिवार को जेसीबी मशीन से मलबा हटाकर शव को तलाशने का अभियान जारी रहा। इसके बाद शनिवार को अंकित का शव मिला।
उधर पंचायत प्रधान विद्यादत ने बताया कि बद्रिकाश्रम रोड से मलबा हटाने के बाद सोमवार रात जेसीबी मशीन अचानक हुए लैंड स्लाइड की चपेट में आ गई थी। जेसीबी मशीन चालक के परिजन सरकार व प्रशासन से जल्द उसकी तलाश की मांग कर रहे थे। मगर आज 5वें दिन शव बरामद हुआ।
वहीं एसडीएम राजगढ़ यादवेद्र पाल ने बताया कि अंकित कश्यप का शव आज शनिवार को मिला है, जिसका पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। सरकार व प्रशासन की ओर से उनके परिजनों को 40 हजार की फौरी राहत जारी कर दी गई है। इसके अतिरिक्त भूस्खलन हादसे का केस बनाकर सरकार को भेजा जा रहा है। उसके बाद आगामी राशि भी आ जाएगी।
बता दें कि इससे पूर्व रविवार को बादल फटने से सिरमौर जिला में 9 लोगों की जान गई थी, जिनमें से पच्छाद के मंडी-खडाना गांव के व्यक्ति का शव 3 दिन बाद ददाहू के समीप जलाल नदी में मिला था। इसके अलावा बड़ू साहिब व संगड़ाह उपमंडल के सेर तंदूला गांव में 1-1 व रोनहाट उपतहसील की रास्त पंचायत में मकान भूस्खलन की चपेट मे आने से 4 बच्चों सहित 6 की जान गई थी।















