DNN नाहन
11 फ़रवरी। सिरमौर जिला में तीन अलग-अलग मामलों में दो महिलाओं ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि तीसरे मामले में एक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जो अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस तीनों ही मामलों में जांच कर रही है।
पांवटा साहिब में 21 वर्षीरू विवाहिता ने की आत्महत्या
पांवटा साहिब में एक 21 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका का शव घर के समीप एक पेड़ से लटका मिला। मृतका की पहचान मनीषा पत्नी कुंदन सिंह निवासी गांव बकिला तहसील कालसी जिला देहरादून उत्तराखंड के रूप में हुई है, जो पांवटा साहिब में अपने मायके आई हुई थी।
पुलिस के अनुसार पुरूवाला थाना को सूचना मिली थी कि एक महिला पेड़ पर फंदे से लटकी है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि घर से करीब आधा किलोमीटर दूर जंगल की तरफ 21 वर्षीय मनीषा पत्नी कुंदन सिंह पेड़ की टहनी पर फंदे से लटकी हुई है। मृतका के पिता केदिया राम ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी मनीषा की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले कुंदन सिंह के साथ हुई थी, जिसके पास फिलहाल कोई बच्चा नहीं है। उसकी लड़की और दामाद 9 फरवरी को उनके घर राम नगर आए हुए थे।
मृतका के पिता व पति आज सुबह दिहाड़ी के लिए अपने-अपने काम पर चले गए थे। जबकि मनीषा सुबह अपने घर से दराटी और प्लास्टिक की रस्सी लेकर अपने घासनी में लकड़ी लेने गई थी। ज बवह कापफी देर तक वापिस घर नहीं लौटी तो उसके घर वालों ने उसकी तलाश की, जो घासनी के समीप ही पेड़ पर लटकी मिली। पुलिस के अनुसार मृतका के मायके व ससुराल पक्ष से किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं थी। दोनों पति-पत्नी भी खुश थे। परिजनों ने भी कोई शक जाहिर नहीं किया है।
डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत आत्महत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में जांच जारी है।
संगड़ाह में भी महिला फंदे से झूली, युवक ने निगला जहर
सिरमौर जिला के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह के साथ लगती ग्राम पंचायत लाना पालर की एक 42 वर्षीय महिला ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार महिला द्वारा फंदा लगाए जाने के दौरान ही इसी गांव के 23 वर्षीय युवक ने भी जहर निगल लिया। युवक को गंभीर हालत में उसके परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह ले गए, जहां पर प्राथमिक उपचार के उपरांत युवक को मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया। मृतक महिला का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह में पोस्टमार्टम करने के उपरांत पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। इस तरह से एक ही गांव मे एक तरफ महिला द्वारा फंदा लगाना और दूसरी तरफ युवक द्वारा जहर निगलना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस व स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है।
वहीं डीएसपी संगड़ाह मुकेश कुमार ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक अस्पताल में उपचाराधीन है। दोनों ने ऐसा कदम क्यों उठाया, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।