DNN शिलाई
28 मार्च। सिरमौर जिला के दुर्गम क्षेत्र शिलाई उपमंडल में देर रात एक ट्रैक्टर के गहरी खाई में गिरने से 2 व्यक्तियों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य घायल हुआ है। हादसा शिलाई-गुम्मा नेशनल हाइवे 707 पर जामली-मीनस के समीप जलऊ मंदिर के समीप पेश आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार उक्त ट्रैक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस द्वारा मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य चलाया गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि 2 युवकों को घायल अवस्था में शिलाई अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उपचार के दौरान दूसरे युवक की भी मौत हो गई। जबकि तीसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद आगामी ईलाज के लिए हायर सेंटर रैफर किया गया।
मृतकों की पहचान 2़6 वर्षीय मोनू निवासी गोरखपुर उत्तर प्रदेश व 25 वर्षीय गौरव कुमार निवासी सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय रमेश पुत्र रामवृक्ष गांव चित्तविश्राम उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में देहरादून अस्पताल में उपचाराधीन है।
बता दें कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर कार्य कर रही निजी कंपनी का था और दोनों मृतक युवक निजी कंपनी में बतौर इंजीनियर, जबकि घायल युवक बतौर चालक कार्यरत था।
उधर एसडीएम सुरेश कुमार सिंघा ने बताया कि प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को 10-10 हज़ार रुपए और घायल को 5 हज़ार रुपए की फौरी राहत जारी की जा रही है।
वहीं पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों मृतक युवकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।















