सिरमौर के हजारों श्रमिकों को मिलेगा बड़ा लाभ, 95 करोड़ की लागत से कालाअंब में चल रहा ईएसआई अस्पताल का काम

Himachal News Others Sirmaur

DNN कालाअंब

07 मई । हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्रों में शूमार कालाअंब के उद्योगों में कार्यरत 40 हजार से अधिक श्रमिकों को जल्द ही बेहतर व आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यहां श्रमिकों के लिए ईएसआई अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
दरअसल यह अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण होगा। इसके अलावा मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए यहां पर रिहायशी कॉलोनियों का निर्माण किया जाएगा। अस्पताल के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने लगभग 96 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया है। फिलहाल इस अस्पताल को 30 बिस्तर की क्षमता वाला बनाया जा रहा है, लेकिन भविष्य में आवश्यकतानुसार इसको 100 बिस्तर तक बढ़ाया जा सकेगा। बता दें कि फरवरी 2019 में इस अस्पताल की आधारशिला रखी गई थी। निर्माणाधीन इस अस्पताल के निर्माण के लिए कालाअंब बैरियर से तीन किलोमीटर की दूरी पर झीरीवाला क्षेत्र में 16 बीघा भूमि अधिगृहित की गई है।
वहीं इस मामले में नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा. राजीव बिंदल ने इस मामले में कहा कि औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब हजारों मजदूरों की कर्मस्थली है। पिछले 20 सालों से अधिक समय से बड़ी मात्रा में यहां उद्योग है, परंतु बेहतर चिकित्सा सुविधा श्रमिकों को न होने के कारण बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में एकमात्र ईएसआई डिस्पेंसरी के सहारा इलाका छोड़ा नहीं जा सकता। विधायक बिंदल ने बताया कि इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए कालाअंब में 96 करोड़ रूपए की लागत से ईएसआई अस्पताल निर्माणाधीन है। इसमें प्रथम चरण में 30 बैड की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसे आने वाले समय में यह अस्पताल 100 बिस्तरों का बनकर तैयार होगा। विधायक बिंदल ने कहा कि इलाका वासियों को इसका बड़ा लाभ होगा। विधायक बिंदल ने उम्मीद जताते हुए कहा कि आने वाले सवा साल में यह अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा। इसका सारा खर्चा केंद्र सरकार का होगा और हिमाचल प्रदेश पर इसका कोई वजन नहीं है। जिला सिरमौर का पहला ईएसआई अस्पताल नाहन विधानसभा क्षेत्र में तैयार हो रहा है, जिसके लिए वह केंद्र व प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।
डा. राजीव बिंदल, विधायक नाहन
कुल मिलाकर उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही ईएसआई अस्पताल भवन बनकर तैयार होगा और हजारों मजदूरों व लोगों को एक ही छत के नीचे बेहतर व आधुनिक सुविधाएं मिल सकेगी।

News Archives

Latest News