DNN सोलन
कांग्रेस व भाजपा की आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि सोलन विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर चुनावी मुकाबला ससुर दामाद के बीच होगा। कांग्रेस ने सोलन निर्वाचन क्षेत्र से धनीराम शांडिल को चुनाव मैदान में उतारा है जोकि लगातार चुनाव जीते हुए आ रहे हैं। धनीराम शांडिल ने शिमला संसदीय क्षेत्र से पहला चुनाव सांसद का लड़ा था और उसी चुनाव के साथ उनकी राजनीति में एंट्री भी हुई थी। उसके बाद से वे लगातार राजनीति में सक्रिय हैं यही कारण है कि इस बार फिर कांग्रेस ने उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है। दूसरी ओर भाजपा ने फिर से चुनाव मैदान में डॉ राजेश कश्यप को उतारा है। राजेश कश्यप कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल के दामाद हैं। ऐसे में सोलन निर्वाचन क्षेत्र में एक बार फिर मुकाबला ससुर दामाद के बीच होगा। वही अब लोगों को आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का इंतजार है। आम आदमी पार्टी भी आज देर शाम तक अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर सकती है। ऐसे में सोलन निर्वाचन क्षेत्र में ससुर दामाद के बीच होने वाले मुकाबले में आम आदमी पार्टी किस प्रत्याशी को उतारती है, इस पर सबकी निगाहें लगी हैं।















