DNN नाहन (श्वेता)
सिरमौर पुलिस ने शराब के नशे में धुत्त एचआरटीसी के एक चालक को गिरफ्तार किया है। सवारियों की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई अमल में लाई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एल्कोहल मापी सेंसर में 158 एमजी मात्रा ब्लड में पाई। उधर, पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोलन डिपो की एक बस बीती रात सिरमौर के राजगढ़-टौंडा वाया खैरी रूट पर थी।
बताया जा रहा है कि राजगढ़ से 20 किलोमीटर दूर खैरी पहुंचने के बाद जब यह बस यहां से टोंडा रूट पर चली तो कुछ सवारियों को चालक पर शक हुआ। लिहाजा, कुछ सवारियां 500 मीटर आगे जाने के बाद उतर गई। जबकि धीरी-धीरे लगभग एक किलोमीटर बस आगे बढ़ी तो बस में बैठी बाकी सवारियां भी दहशत में एक एक कर उतरनी शुरू हो गई।
चालक के नशे में होने की आशंका के कारण बस में सवार एक व्यक्ति ने आरएम को मामले की मोबाइल पर सूचना दी। इस कारण सवारियों ने खैरी से मात्र पांच किलोमीटर दूर मांगन में बस को रुकवा दिया। इसके बाद सिरमौर पुलिस को मामले की सूचना मिली। एसपी सिरमौर ने राजगढ़ पुलिस को इस संबंध में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने एल्कोहल मापी सेंसर में जांच के दौरान चालक के ब्लड में 158 एमजी मात्रा पाई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत चालक को गिरफ्तार कर दिया। ऐसे में सवारी की सूझबूझ से कइयों की जान बच गई। उधर, मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर रोहित मालपानी ने की है। उन्होंने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को व्हाट्सअप पर सवारी का मैसेज मिला था। लिहाजा, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।















