DNN हमीरपुर
20 सितंबर। हमीरपुर जिला में एक महिला की सर्पदंश से मौत हो गई। महिला के बेटे की अगले महीने शादी थी। लिहाजा परिवार तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन महिला की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
जानकारी के अनुसार जिला हमीरपुर के नादौन थाना के तहत नौहंगी क्षेत्र में यह घटना पेश आई है। गांव नरियाह में सर्पदंश से महिला ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सुनीता कुमारी पत्नी राजेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घटना के समय सुनीता घर के समीप पशुशाला में काम में व्यस्त थी। इसी बीच एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। तुरंत महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आगामी 20 अक्तूबर को महिला के बेटे की शादी है, जिसके चलते पूरा परिवार शादी की तैयारियों जुटा हुआ था। मगर इन्हीं तैयारियों व खुशी के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
