DNN धर्मशाला
शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीन चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पारिस्थिति को देखते हुए सौर ऊर्जा नीति तैयार की गई है, स्पिति क्षेत्र में पहले ही 1000 मैगावॉट सोलर पार्कों की पहचान की जा चुकी है और निकट भविष्य में 200 मैगावाट क्षमता की विभिन्न परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं। वे आज इंदौरा विधानसभा की डैंकवा पंचायत में पिनाकिन सोलर पावर यूनिट का शुभारंभ करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि इस सोलर पावर यूनिट में 5 मेगावाट तक के सोलर पैनल तथा घरों में प्रयोग किये जाने वाले विभिन्न घरेलू उपकरण भी बनाये जाएंगे।
सरवीन चौधरी ने कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर्याप्त अनुदान दे रही है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा एक वैकल्पिक नवीकरणीय ऊर्जा है जो कम लागत और अपनी उच्च क्षमता की वजह से तेजी से मुख्य धारा का विकल्प बनती जा रही है। सौर ऊर्जा के जरिए कार्य स्थलों एवं घरों के उपयोग के लिए विधुत उत्पादन के साथ साथ सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से अन्य अनेक उपकरण भी चला सकते हैं। इस अवसर पर स्थानीय विधायक रीता धीमान ने इंदौरा पधारने पर शहरी विकास मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में इंदौरा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं को तेज गति से कार्यान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर एसडीएम इंदौरा गौरव महाजन, कम्पनी के प्रबंध निदेशक विकास शर्मा, रविन्द्र शर्मा, विधायक रीता धीमान के पति शाम लाल, अधिवक्ता दीपक अवस्थी, किसान मोर्चा के सुखपाल सिंह, महिला मोर्चा की रेणु भन्द्राल, कमल शर्मा, परविंदर सिंह, युवा मोर्चा के आदर्श के इलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहें।















