सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव में सड़क सुविधा को मजबूत करना- राम कुमार

Himachal News Solan

DNN सोलन

12 अक्तूबर। मुख्य संसदीय सचिव (नगर नियोजन, उद्योग एवं राजस्व विभाग) राम कुमार ने कहा कि सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र के पहाड़ी क्षेत्र की सड़कों की मुरम्मत व विकासात्मक कार्यों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 1.75 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि इस राशि में से 60.75 लाख रुपए की धनराशि दून विधानसभा क्षेत्र के सभी पहाड़ी पंचायतों के विकास कार्यों व सड़कों के निर्माण के लिए स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि कुल राशि में से 10 लाख रुपए की धनराशि लोक निर्माण विभाग उप मण्डल बद्दी तथा 10 लाख रुपए की धनराशि लोक निर्माण विभाग उपमण्डल चण्डी के विकास कार्यों एवं सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत हुई है।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को दून विधानसभा क्षेत्र की पहाड़ी क्षेत्र की सभी पंचायत को निर्धारित समयसीमा में सड़कों की मुरम्मत व विकासात्मक कार्यों के लिए जेसीबी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि से दून विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को गति प्रदान होगी।
राम कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सड़कें ही लाइफ लाइन हैं, ऐसे में सड़कों का सुदृढ़ीकरण न केवल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी इसका अत्याधिक महत्व है। कठिन भौगोलिक परिस्थिति में राज्य की सड़कें मददगार साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव में सड़क सुविधा को मज़बूत करना है।
.0.

News Archives

Latest News