DNN बद्दी
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सोलन जिले के बद्दी के निमंत्रण रिज़ार्ट में एक राज्य स्तरीय नशा विरोधी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को नशामुक्त और स्वस्थ बनाने तथा नशीले पदार्थों के दुरूपयोग की समस्या से निपटने के लिए अभिभावकों, अध्यापकों तथा देश के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक को शामिल कर एक वृहद जन अभियान की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि, हिमाचल प्रदेश को देवभूमि होने का गौरव प्राप्त है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यहां तक कि देवभूमि भी नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरे से अछूती नहीं है। इस प्रकार इस सामाजिक बुराई के विरूद्ध सामूहिक अभियान आरम्भ करना समय की आवश्यकता है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य की सीमाएं लगभग पांच राज्यों के साथ लगती है और राज्य के सीमावर्ती जिलों में नशा तस्कर काफी सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के विरूद्ध पंजीकृत ज्यादातर मामले पड़ोसी राज्यों के हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पहल पर पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक चंडीगढ़ में आयोजित की गई थी ताकि इस सामाजिक समस्या को रोकने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल सफल साबित हुई है क्योंकि नशीली दवाओं के तस्करों के विरूद्ध जानकारी साझा करने के कारण नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त कई लोगों को गिरफ्तार करके उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को विशेष रूप से युवाओं को नशीली दवाओं के दुरुपयोग के दुष्प्रभावों के विरूद्ध जागरूक करने लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में रोकथाम कार्यक्रमों में परिवारों, स्कूलों और संबंधित संस्थाओं को शामिल करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे अपने बुजुर्गों को शराब का उपयोग मनोरंजन और तनाव मुक्ति के लिए करने से रोकने में आगे आएं। उन्होंने कहा कि मीडिया को इस संदर्भ में अपनी भूमिका को समझने की आवश्यकता है और इसे लाखों की कमाई के लिए नशीली दवाओं के दुरुपयोग को अवास्तविक तथा महिमापूर्ण तरीके से प्रस्तुत करने के आग्रह का विरोध करके सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि युवाओं को महसूस करवाया जाना चाहिए कि नशीली दवाओं का दुरुपयोग हर हालत में हानिकारक है, तभी वे इसका उपयोग बन्द करेंगे और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकेंगे।















