DNN शिमला
15 जून। पुलिस थाना रामपुर के अंतर्गत आने वाले दत्तनगर में 6 माह की नवजात का शव मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक दत्तनगर में सतलुज नदी पर बने पुल के समीप उक्त शव बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया है। वही पुलिस ने इस बारे मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना प्रभारी रामपुर कर्म सिंह ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार देर शाम स्थानीय लोगो ने दत्तनगर पुल के नजदीक सतलुज तट पर नवजात का शव होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लिया। पुलिस को जब यह शव मिला तो यह बिल्कुल सड़ी गड़ी अवस्था में था। मंगलवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया। हालांकि रामपुर और क्षेत्र के अन्य पुलिस थानों व चौकियों में नवजात के लापता होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उक्त नवजात को मरने के बाद या तो सतलुज नदी में बहा दिया गया था या फिर सतलुज नदी के किनारे दफनाया गया होगा। वही पानी का बहाव बढने के कारण शव नदी में बहता हुआ दत्तनगर तक पहुंच गया होगा। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने इस बारे मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।















