DNN नालागढ़
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए सहयोग एवं संपर्क के लिए केन्द्र सरकार के महत्वकांक्षी कार्यक्रम संवेग के विषय में उद्यमियों एवं आमजन को जागरूक करने के लिए प्रत्येक वीरवार एवं शुक्रवार को शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल के बद्दी में इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुधीर शर्मा ने दी। सुधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रत्येक वीरवार एवं शुक्रवार को बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक संघ के सभागार में संवेग के विषय में उद्यमियों एवं आमजन को जागरूक करने के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह शिविर दिन में 12.30 बजे से सांय 7.00 बजे तक आयोजित होंगे। प्रारंभ में ये शिविर 20 दिस बर तक आयोजित किए जाएंगे। तदोपरांत केन्द्र सरकार के निर्देशानुसार समय में परिवर्तन किया जाएगा। बद्दी में आयोजित होने वाले शिविरों में दवा उद्योग पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में उद्योग एवं श्रम विभाग, ईएसआईसी, सीजीएसटी, विभिन्न बैंक, दवा नियंत्रक एवं पीएफ के अधिकारी उद्यमियों एवं लोगों को जागरूक करेंगे। इन शिविरों में संवेग के विषय में पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संवेग कार्यक्रम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए ऋण उपलब्धता सहित विभिन्न कार्यों में समन्वय स्थापित करेगा।
सुधीर शर्मा ने विभिन्न विभागों को निर्देश दिए कि वे बद्दी में स्थापित सभी दवा कंपनियों की सूची तैयार करें। बैठक में भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी वरूण कुमार, सहायक आयुक्त सोलन भानु गुप्ता, उपनिदेशक उद्योग संजय कंवर, सहायक निदेशक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग वजीर सिंह, जिला के अग्रणी बैंक यूको बैंक के प्रबंधक जेपी नेगी ने सौ दिन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम के सहयोग एवं संपर्क अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की।















