संगड़ाह में दर्दनाक हादसा, गहरी खाई में गिरा टिप्पर, 3 की मौत, 2 घायल

Himachal News

DNN संगड़ाह

23 नवंबर। उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले बड़ग मार्ग पर खड़ोण नाला के समीप एक टिप्पर एचपी 71-0482 करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में टिप्पर में सवार तीन व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार भूतमड़ी चूना खदान पर कार्यरत टिपर खड़ोण नाला में चूना पत्थर खाली करने के उपरांत वापस माइन पर जा रहा था और थोड़ी दूर जाने के बाद अनियंत्रित होकर खाई में समा गया। वाहन चालक सहित इसमें पांच व्यक्ति सवार थे, जिनमे से दो की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
रविंद्र (20) वर्ष गांव धवाडी व जगिया (47) गांव गनोग ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। तीन घायलों में से दो सगे भाई अशोक (26) व संजय (22) गांव नेरा बाग के अलावा पवन उर्फ निखिल (19) वर्ष गांव चांबी को स्थानीय ग्रामीणों ने घायल अवस्था में ददाहू चिकित्सालय पहुंचाया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार अशोक ने मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। यह सभी लाइमस्टोन माइन पर मजदूरी का काम करते थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना संगड़ाह से एएसआई बालाराम ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं एसडीएम संगड़ाह डॉ विक्रम नेगी ने बताया कि मृतकों के आश्रितों को 25-25 एवं घायलों को क्रमशः 5-5 हजार की तुरंत राहत राशि जारी की गई है। केस तैयार होने पर मृतकों के आश्रितों को सरकार की ओर से क्रमशः 4-4 लाख की कुल राशि नियमानुसार जारी होगी।

News Archives

Latest News