शेरॉन ने चैन्नई में एमबीबीएस फाइनल में झटका गोल्ड मेडल

Himachal News Others Solan

– तीन वर्ष लगातार एमबीबीएस में गोल्ड मेडल जीतकर सोलन का रोशन किया नाम
DNN सोलन
सोलन की बेटी शेरॉन प्रियदर्शनी कुमार ने श्रीरामचंद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजूकेशन चैन्नई में एमबीबीएस में तीन साल लगातार गोल्ड मेडल हासिल कर सोलन व हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। शेरॉन की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी मिसाल है। शेरॉन प्रियदर्शनी कुमार एमबीबीएस के बाद अब सिविल सर्विस में जाना चाहती है और इसके लिए वह शुरू से ही मेहनत कर रही है। वह चाहती है कि सिविल सर्विस में जाने के बाद वह समाज की सेवा करें। शेरॉन विशेषकर हैल्थ और एजूकेशन सेक्टर में बेहतर कार्य कर मानवता की सेवा करना चाहती है। शेरॉन प्रियदर्शनी कुमार के पिता एस. प्रवीण कुमार भारत सरकार के एग्रीकल्चर एंड फार्मर वैल्फेयर विभाग में संयुक्त सचिव पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जबकि माता प्रीती कुमार सोलन पब्लिक स्कूल सोलन की एमडी हैं। शिक्षा का माहौल घर में शुरू से ही है। नातिन की इस उपलब्धि पर शेरॉन के नाना डॉ. एमएम कौशल और नानी राज कौशल भी बेहद खुश हैं।
छोटी बहन भी कम नहीं…
शेरॉन की छोटी बहन शिर्ले प्रियंजना कुमार भी शिक्षा में अपनी बड़ी बहन की तरह ही मेधावी है। वह एलएलबी (ऑनर्स) कर रही है। स्कूली शिक्षा के दौरान वह स्कॉलरशिप पर दो बार ऑक्सफोर्ड जा चुकी है। अमेरिकन कानून के अध्ययन के लिए वह आजकल द यूनिवर्सिटी ऑफ टैक्साज एट अस्टिन के लॉ ऑफ स्कूल में है।
जन्म व शिक्षा
शेरॉन प्रियदर्शनी कुमार का जन्म सोलन में 14 अगस्त 2000 को हुआ। शेरॉन की प्रारंभिक शिक्षा कारमल कॉन्वेट स्कूल चंडीगढ़ में हुई। पहली कक्षा के बाद उनकी शिक्षा हैदराबाद के सेंट एंड्रयूज स्कूल में हुई। यहां उन्होंने अपनी मैट्रिक की परीक्षा 10 (सीजीपीए) यानि परफेक्ट टेन अंकों के साथ पास की। इसके बाद हैदराबाद के ही नामी स्कूल पी. ओवॉले रेड्डी स्कूल में मेडिकल विषयों के साथ मैथ लेकर कंपलीट की। जमा दो परीक्षा शेरॉन ने 96 फीसदी अंकों के साथ उत्तीर्ण की। वष-2018 में पहली ही बार में शेरॉन ने नीट परीक्षा क्लीयर की। उनका चयन हिमाचल प्रदेश के आईजीएमसी के लिए हुआ था, लेकिन उन्होंने चैन्नई को मेडिकल एजूकेशन के लिए चुना और अपने निर्णय को सही साबित भी किया।
पहले वर्ष से मिली स्कॉलरशिप, टाटा ने दिए 9 लाख
शेरॉन प्रियदर्शनी कुमार ने चैन्नई के श्रीरामचंद्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजूकेशन में मेडिकल शिक्षा के लिए प्रवेश लिया। पहले ही वर्ष में शेरॉन ने गोल्ड मेडल हासिल किया। मेडिकल कॉलेज में सबसे अधिक अंक हासिल करने के लिए उसे कॉलेज प्रबंधन की ओर 50 हजार रूपए का नकद पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा शेरॉन ने टाटा एजूकेशन ट्रस्ट स्कॉलरशिप फॉर एक्सीलेंस इन स्टडी ऑफ मेडिसन वर्ष-2022 के लिए 9 लाख रुपए की स्कॉलरशिप प्रदान की गई।
खेलों और संगीत में भी रूची
शिक्षा के साथ-साथ शेरॉन को खेलों और संगीत में भी गहरी रूची है। वह शिक्षा के साथ-साथ क्रिकेट, बैडमिंटन और टेनिस खेलती रही है। शेरॉन ने बताया कि विराट कोहली के अलावा साइना नेहवाल, पीवी संधु, नडाल और सेेरेना विलियम उनके पसंदीदा खिलाड़ी है। शेरॉन को पियानो बजाने और गायन का भी शौक है।

News Archives

Latest News