-पुलिस को एक्साइज विभाग ने दी शिकायत
हमीरपुर। जहरीली शराब कांड मामले में जिले में शराब के सील किए गए दो ठेकों से शातिरों ने शराब की बोतले उड़ा ली है। ठेकों को सील करते समय एक्साइज विभाग ने पुलिस को निगरानी के लिए कहा गया था, लेकिन टीनशेड में चल रहे दो ठेकों से अज्ञात साथियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। ऐसे में पुलिस की निगरानी और सतर्कता पर भी यहां सवाल उठ रहे हैं।
चोरी की घटना का पता चलने के बाद एक्साइज विभाग ने इन दोनों मामलों में चोरी की शिकायत पुलिस में दी है। आपको बता दें कि जिन दो शराब ठेकों से शराब चोरी हुई है, वह पूर्व कांग्रेस नेता नीरज ठाकुर के हैं। शराब ठेकेदार नीरज को जनवरी माह में जहरीली शराब के मामले में एसआईटी ने गिरफ्तार किया था, इसके बाद विभाग ने नीरज ठाकुर के 13 शराब ठेके भी सील किए थे। सील किये 13 ठेकों में से भिड़ा और धलोट शराब ठेके से शराब की बोतलें चोरी की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक स्थानीय लोगों ने इस मामले की सूचना एक्साइज विभाग को दी तो टीम मौके पर पहुंची।

गौरतलब है कि यह दोनों शराब की दुकानें टीनशेड में चल रहे थे और जब इन शराब ठेकों को सील किया गया था तो स्टॉक को सुरक्षित रखने के लिए एक्साइज विभाग ने पुलिस विभाग को इन शराब ठेकों की निगरानी के लिए कहा था। एक्साइज विभाग ने इन ठेकों में रखी शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए कंडाघाट भेजे थे जिनके सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। लैब से सैंपल पास होने के बाद इन्हें बाद में खुली बोली के माध्यम से नीलाम किया जा सकता है। वहीं जब इस बारे में उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी विशाल गोरला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सील किये गए दो शराब ठेकों से शराब की बोतलें चोरी हुई हैं। अधिकारी ने कहा कि इस बारे में पुलिस में भी शिकायत दी गई है। इन ठेकों से सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद इन ठेकों के शराब के स्टॉक का नीलाम किया जाएगा।















