शनि देव मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दर्ज किया अभियोग, आरोपियों की तलाश तेज

Baddi + Doon Crime Nalagarh

Dnewsnetwork

बद्दी। भूपनगर-साई रोड स्थित शनि देव मंदिर में तोड़फोड़ और मूर्ति व मंदिर परिसर को नुकसान पहुंचाने के मामले में बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियोग दर्ज कर लिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष फैल गया और लोगों ने साई रोड पर एकत्रित होकर धरना देते हुए यातायात बाधित कर दिया।
सूचना मिलते ही बद्दी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक बद्दी योगराज चंदेल भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत करवाया। इसके बाद धरना समाप्त करवाकर सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया है कि मंदिर में तोड़फोड़ की घटना को गंभीरता से लिया गया है और मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Latest News