DNN बद्दी
व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष एंव नगर व्यापार मंडल बद्दी के प्रधान प्रवीण कौशल की अध्यक्षता में व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएसपी बद्दी खजाना राम से मिला। जिला पुलिस के साथ बैठक में व्यापार मंडल ने बद्दी साईं रोड़ पर हुए अवैध कब्जे, तहबाजारियों की भरमार और चोरियों का मुद्दा गंभीरता से उठाया। इस दौरान पुलिस ने व्यापारियों से सुझाव व सहयोग भी मांगा, जिस पर व्यापार मंडल ने सहमति जताई। बैठक में नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण कौशल ने सवाल उठाया कि क्या नगर परिषद बद्दी को 30 रूपये रोजाना देने से तहबाजारी और अवैध कब्जाधारी वैध हो गए हैं।
प्रवीण कौशल ने कहा कि बद्दी साईं रोड़ पर लगभग 6 किलोमीटर पर सड़कों के दोनों किनारे अवैध कब्जे हैं। कई दुकानदारों ने जहां दुकानों के आगे शेड़ लगाकर रेहड़ी फड़ी बसा रखी हैं वहीं खाली स्थानों पर भी तहबाजारियों का कब्जा है। जब व्यापार मंडल के प्रतिनिधि इन तहबाजारियों को हटने को कहते हैं तो आगे से जबाब मिलता है कि वह नगर परिषद को रोजाना 30 रुपए देते हैं। प्रवीण कौशल ने बताया कि बेतहाशा अवैध कब्जों व तहबाजारियों के चलते बद्दी साईं रोड़ सिकुड़ गया है और सुबह शाम इस रोड़ से वाहन लेकर जाना व पैदल चलना मुश्किल हो गया है।
वहीं व्यापार मंडल ने दिन व दिन बढ़ रही चोरी की वारदातों पर भी चिंता व्यक्त की। जिस पर पुलिस ने व्यापार मंडल से बद्दी साईं मार्ग पर वर्धमान तक सीसीटीवी कैमरे लगाने का सहयोग मांगा, जिसका कंट्रोल रूम बद्दी पुलिस थाना में स्थापित होगा। प्रवीण कौशल ने बताया कि व्यापार मंडल जल्द किसी आईटी कंपनी से संपर्क साधेगा और कैमरों को लगाने और इनके रखरखाब के बजट का आईडिया लिया जाएगा और जल्द यहां सीसीटीवी कैमरे पुलिस के सहयोग से स्थापित करवाए जाएंगे। बैठक में व्यापार मंडल ने शाम के समय बीच बाजार पुलिस से चालान न काटने का भी आग्रह किया। व्यापार मंडल ने तहबाजारियों पर कार्रवाई की मांग जिला पुलिस के समक्ष उठाई है।
डीएसपी बद्दी खजाना राम ने व्यापार मंडल को आश्वासन दिया कि अवैध कब्जाधारियों व तहबाजारियों पर कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल सीसीटीवी कैमरे लगवाने में पुलिस का सहयोग करे ताकि आपसी सहभागिता से पूरे बद्दी साईं रोड़ पर नजर रखी जाए। इस मौके पर प्रांतीय उपप्रधान प्रवीण कौशल के साथ उपप्रधान भाग सिंह कुंडलस, राजेंद्र गर्ग, मुस्ताक खान, राजेश मित्तल, रोहित, सतपाल शर्मा, सुभाष पप्पू गर्ग, दिनेश लबाणा, सुशील कुमार, हेम चंद, राजेंद्र जैन समेत अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।




















