व्यर्थ के मनरंजनो को छोड़ करें समाजिक आयोजन : डा. सहजल

Kasauli Others Solan

DNN ब्यूरो सोलन /धर्मपुर (आदित्य सोफत)
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा कसौली मंडल द्वारा रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया। यह रक्तदान शिविर गलवान घाटी में शहीद हुए वीर जवानों को नमन करते हुए आयोजित किया गया। इस मौके पर सामाजिक न्याय अधिकारिता एवं सहकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की,

जबकि इस मौके पर प्रदेश महिला आयोग अध्यक्ष डेजी ठाकुर व भाजपा मंडल कसौली मंडल के अध्यक्ष कपूर सिंह वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर की शुरुआत गलवान घाटी में सहित हुए वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही इस कार्यक्रम के दौरान कसौली विधानसभा क्षेत्र में पौध रोपण कार्यक्रम की शुरुआत भी की गई। शिविर में लगभग 150 लोगों ने रक्तदान किया। साथ ही शनिवार को मंत्री डा. सहजल का जन्मदिन पर लोगों ने बधाई भी दी।  इस दौरान मंत्री डा. सहजल ने कहा कि गलवान घाटी में देश की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया है। यह रक्तदान शिविर उनको समर्पित किया गया है। डा. सहजल ने कहा कि भारत के वीर सैनिकों के अदम्य साहस और मां भारती के लिए हंसते-हंसते अपना सर्वस्व न्यौछावर करने के कारण ही हम आज पूर्ण रूप से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सैनिकों के बलिदान के मूल्य को स्वंय भी समझना होगा और अन्य को भी समझाना होगा। युवा शक्ति को जन-जन को प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग एवं आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को आत्मसात करवाना होगा ताकि देश शीघ्र अति शीघ्र विभिन्न वस्तुओं के उत्पादन में अग्रणी बन सके।
हिमाचल प्रदेश को वीरभूमि के नाम से जाना जाता है। प्रदेश सरकार ने गत दिवस आयोजित मन्त्री मण्डल की बैठक में देश सेवा के लिए भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना तथा अर्द्ध सैनिक बलों में भर्ती के इच्छुक युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए मण्डी के सरकाघाट क्षेत्र के बरछवाड़ में प्रशिक्षण अकादमी एवं केन्द्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से प्रदेश के युवाओं को व्यापक लाभ मिलेगा। इस दौरान उन्होंने बताया कि शुक्रवार से कसौली विधानसभा क्षेत्र में पौध रोपण अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान को लेकर विभिन्न जगहों पर पौध रोपण कार्यक्रम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी  प्रण लें कि अपने जन्मदिवस पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाए । हम सभी को अपने जन्मदिवस पर व्यर्थ के मनरंजनो को छोड़ कर समाजिक आयोजन करने चाहिए। उन्होंने इस रक्तदान शिविर के लिए भाजपा युवा मोर्चा कसौली मंडल को लिए बधाई दी। इस शिविर में भाजपा नेता राज कुमार सिंगला, धर्मपुर पंचायत के उपप्रधान सुशील शर्मा, चरण  यादव, रामशेवर शर्मा, महामंत्री विनोद मारवाह, पूर्व मंडल अध्यक्ष दौलत राम ठाकुर, यशपाल ठाकुर, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, महामंत्री भूपेंद्र ठाकुर, उपाध्यक्ष जिला सोलन राहुल व दीपक, भाजपा कसौली मंडल के अध्यक्ष वरुण शर्मा, महामंत्री रोहित ठाकुर, उपाध्यक्ष हेमंत जुनेजा व अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डा. सहजल ने सभी का व्यक्त किया आभार
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मन्त्री डा. राजीव सहजल ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से प्रदेश, अपने विधानसभा क्षेत्र एवं जन-जन की सेवा के लिए उन्हें जो अवसर प्रदान किया गया है उसके लिए वे सदैव प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मन्त्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर और अपने विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के आभारी रहेंगे। डा. सहजल आज अपने 50वें जन्मदिवस पर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करने आए युवाओं एवं अन्य से विचार-विमर्श कर रहे थे।
डा. सहजल ने सभी से आग्रह किया कि वैश्विक महामारी कोविड-19 से बचाव के लिए स्वंय भी समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अन्य को भी इस दिशा में प्रेरित करें। उन्होंने आग्रह किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनें और लोगों से भी इस नियम की अनुपालना करवाएं। सहकारिता मन्त्री ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव में युवाओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर शुभकामनाएं प्रेषित करने के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सदैव जन हित के लिए कार्यरत रहेंगे।

News Archives