वैश्विक महामारी कोविड-19 को लेेकर बन्द किए प्रदेश के द्वार खुलेंगे बुधवार से

Himachal News Others Shimla

DNN शिमला ब्यूरो

15 सितंबर। वैश्विक महामारी कोविड-19 को लेेकर बन्द किए प्रदेश के द्वार बुधवार से खुल जाएंगे। साथ अब व्यक्ति को प्रदेश में आने के लिए ई-पास सॉफ्टवेयर में पंजीकरण भी नहीं करवाना पड़ेगा। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई प्रकार के फैसलें लिए गए है। इनमे पर्यटकों को न कोविड की निगेटिव रिपोर्ट लानी होगी और न होटलों में एडवांस बुकिंग करवानी होगी। बाहर से आने वाले क्वारंटीन भी नहीं होंगे। मंगलवार को जयराम कैबिनेट की बैठक में यह बहुप्रतीक्षित फैसला लिया गया।
कैबिनेट बैठक में यह भी फैसला लिया कि बाहर से आने वालों में यदि कोरोना के लक्षण दिखें तो उन्हें बॉर्डर पर ही रोक दिया जाएगा। उनका टेस्ट लेने पर जरूरत पड़ी तो अस्पताल में भर्ती किया जाएगा। वहीं अभी सरकार ने अंतरराज्यीय बसों के संचालन पर फैसला नहीं लिया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि एक अक्तूबर के बाद बसों का संचालन शुरू हो सकता है। इस पर सितंबर के अंतिम या अक्तूबर के पहले हफ्ते में होने वाली कैबिनेट बैठक में फैसला लेने की संभावना है। अगर संचालन शुरू हुआ तो प्राथमिकता चंडीगढ़ और हरिद्वार के लिए बसें चलाने पर होगी।
यह भी फैसला लिया गया कि अब अस्पतालों में भर्ती कोविड पॉजिटिव मरीज को दस दिन बाद लक्षण न होने की स्थिति में बिना टेस्ट किए घर पर अगले 10 दिन के लिए आईसोलेट किया जाएगा। राज्य आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग बुधवार को आधिकारिक रूप से आदेश भी जारी कर देगा। जयराम मंत्रिमंडल पर केंद्र सरकार के उस निर्देश का दबाव था, जिसमें प्रदेश में प्रवेश को लेकर सभी शर्तें हटाने को कहा था। चूंकि पिछली कैबिनेट में सरकार ने कोविड-ई पास की व्यवस्था को तो खत्म कर दिया, लेकिन प्रदेश में बाहर से कोरोना के प्रभाव को रोकने के लिए पंजीकरण की व्यवस्था जारी रखी थी। केंद्र के लगातार तल्ख तेवरों के बाद आखिरकार प्रदेश सरकार ने राज्य की सीमाएं खोलने का एलान कर दिया। शहरी आवास योजना में सरकार ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का फैसला लिया है। जिला शिमला के नेरवा को नगर पंचायत बनाने का फैसला लिया गया है।

मंत्रिमंडल ने ईको टूरिज्म और नर्सिंग पॉलिसी को भी मंजूरी दी। ईको टूरिज्म पॉलिसी के जरिये जहां रोजगार के साथ-साथ ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों को वन्य पर्यटन के लिए खोलने का प्रयास किया गया है। वहीं नर्सिंग पॉलिसी में सौ बेड वाले अस्पतालों में नर्सिंग कोर्स शुरू करने को मंजूरी दी।

कैबिनेट ने शराब बार खोलने की मंजूरी दे दी है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसके लिए एसओपी भी बनाया गया है, जिसका सख्ती से पालन करना होगा। इनमें मास्क पहनकर ही सर्विस देने से लेकर दो टेबल के बीच उचित दूरी, कटलरी को धोने और साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए हैं।

परवाणू और लंबलू में राजस्व सब तहसील खोलने को मंजूरी
कैबिनेट ने परवाणू और लंबलू में राजस्व सब तहसील खोलने को मंजूरी दे दी है। सूत्रों से मालूम हुआ है कि कैबिनेट ने जिला सोलन के परवाणू और हमीरपुर जिला के लंबलू में सब तहसील खोलने का निर्णय लिया है। इन दोनों दफ्तरों के लिए स्टाफ भी स्वीकृत किया है।

 

News Archives

Latest News