विश्व हेपेटाइटिस दिवस कार्यक्रम उप स्वास्थ्य केंद्र चरणमोड में मनाया गया

Bilaspur Others

DNN बिलासपुर

28 जुलाई – विश्व हेपेटाइटिस दिवस कार्यक्रम उप स्वास्थ्य केंद्र चरणमोड में ग्राम पंचायत दधोथ के प्रधान श्याम लाल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने लोगों को कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए विश्व हेपेटाइटिस दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस रोग एक वायरल रोग है जो लीवर को प्रभावित करता है। वायरल हेपेटाइटिस मुख्य रूप से दो प्रकार का होता है एक तो संक्रामक हेपेटाइटिस और दूसरा रक्तरंजित हेपेटाइटिस।
उन्होंने बताया कि संक्रामक हेपेटाइटिस भोजन और पानी से फैलता है तथा रक्तरंजित हेपेटाइटिस शरीर के तरल पदार्थ के संपर्क में आने पर फैलता है। उन्होंने बताया कि पीले रंग की त्वचा होना, आंखें पीली होना, उल्टियां आना, पेट में दर्द और बुखार आना हेपेटाइटिस के लक्षण है। हेपेटाइटिस बी में व्यक्ति की आंखें पीली पेट में दर्द ,पेशाब का रंग गहरा दिखाई देता है। उसी तरह हेपेटाइटिस सी में व्यक्ति में थकान, उल्टी होना, भूख न लगना और आंखों और त्वचा का पीला होना हेपेटाइटिस सी के लक्षण हैं। अगर किसी व्यक्ति में इस प्रकार के लक्षण दिखाई दे तो वह अपनी जांच अवश्य डॉक्टर से करवाएं। हेपेटाइटिस का इलाज आसानी से उपलब्ध है। हेपेटाइटिस बी की वजह से लिवर सिरोसिस का खतरा होता है अगर समय रहते इसकी पहचान हो जाए तो इलाज संभव है लीवर सिरोसिस होने पर लीवर प्रत्यारोपण ही एकमात्र इलाज है।
स्वास्थ्य शिक्षक ने बताया कि साफ भोजन व साफ पानी का प्रयोग करें तथा टीकाकरण के समय डिस्पोजेबल सिरिंज लगाना सुनिश्चित करें ताकि हेपेटाइटिस रोग ना फैले। छोटे बच्चों को हेपेटाइटिस बी का टीका लगवाएं जो उप स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क लगाया जाता है।
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य कार्यकर्ता रमेश कुमार, मीना कुमार, सी.एच.ओ सुजाता ठाकुर सहित आशा वर्कर सुमन कुमारी, सीता देवी तथा माया देवी उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News