डीएनएन सोलन
हिमाचल प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि हिमाचल के विकास में हमारे कर्मचारियों की सर्वोच्च भूमिका रही है तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कर्मचारी कल्याण एवं कर्मचारियों की समस्याओं को सुलझाने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करेगी। पुरूषोत्तम गुलेरिया सोलन में प्रदेश के विभिन्न अराजपत्रित कर्मचारी महासंघों द्वारा उनके सम्मान में आयोजित अभिनंद समारोह को संबोधित कर रहे थे। पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव कर्मचारियों की हितैषी रही है। भाजपा की विभिन्न सरकारों ने न केवल कर्मचारियों को समय-समय पर आर्थिक लाभ प्रदान किए हैं अपितु यह भी सुनिश्चित बनाया है कि कर्मचारियों के विभिन्न वर्गों में आपसी सामजंस्य स्थापित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सत्ता संभालते ही कर्मचारियों को प्रथम जनवरी 2016 से अंतरिम राहत की आठ प्रतिशत किस्त प्रदान की है। महंगाई भत्ते की तीन प्रतिशत किस्त भी कर्मचारियों को प्रदान कर दी गई है।
खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष ने कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे एकजुट रहे और प्रदेश के विकास के लिए प्रदेश सरकार को संबल प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ को कर्मचारी हित में स्थापित परिपाटी से हटकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को सुलझाने में महासंघ को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं कर्मचारी रहे हैं तथा कर्मचारियों की समस्याओं से भलीभांति अवगत हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों से आए कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार कर्मचारी हितों को सुरक्षित रखेगी।
पुरूषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खादी को विश्वस्तर पर प्रोत्साहित करने में अग्रणी हैं। आज विश्व में नरेंद्र मोदी खादी को जन-जन तक पहुंचाने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि खादी को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के गांव-गांव में खादी प्रोत्साहन शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खादी उद्योग स्थापित करने के लिए सामान्य श्रेणी को छोड़कर 25 लाख रुपये की अधिकतम राशि 35 प्रतिशत उपदान पर प्रदान की जाती है।
