विकास कार्यों में गति लाने के लिए समर्पण व जनसेवा के भाव से कार्य करें

Mandi Others

 


DNN मंडी
जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक आज यहां विपाशा सदन, मंडी में सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य, बागवानी व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में बहुद्देशीय परियोजनाएं, ऊर्जा एवं गैर पारंपरिक ऊर्जा मंत्री श्री अनिल शर्मा सहित मंडी से सांसद व जिला के सभी विधायक उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सरकार के गठन उपरांत आज की इस प्रथम बैठक में लगभग 51 मदों पर सार्थक चर्चा की गयी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे विकास कार्यों में गति लाने के लिए समर्पण व जनसेवा के भाव से कार्य करें और इस दौरान आने वाली छिटपुट समस्याओं के प्रभावी व सर्वसम्मत हल के लिए प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में लिए गए निर्णयों पर सभी विभाग त्वरित कार्य करें और समिति की आगामी बैठक में इन कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विकास में मंडी जिला को आगे ले जाने के लिए सांझे प्रयासों की आवश्यकता है और सभी विभाग एक टीम के रूप में कार्य करते हुए अपने लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि विभाग चुने हुए जन प्रतिनिधियों व समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों को भी निर्णयों में सम्मिलित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए समुचित बजट प्रावधान कर रही है और योजनाओं को धरातल पर उतारने की हम सभी की सामूहिक जिम्मेवारी है। बहुद्देशीय परियोजनाएं, ऊर्जा व गैर पारंपरिक ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा, लोकसभा सासंद रामस्वरूप शर्मा, विधायक  कर्नल  इंद्र सिंह, विनोद कुमार, हीरा लाल, राकेश जमवाल, जवाहर ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी व प्रकाश राणा ने भी चर्चा में भाग लेते हुए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।

News Archives

Latest News