वन मंत्री की लोगों से विशेष अवसरों पर पौधरोपण की अपील

Kullu Others

DNN कुल्लू ब्यूरो 

वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि हरे-भरे जंगल हिमाचल प्रदेश की शान हैं और इनका संरक्षण और विस्तार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए। उन्होंने मंगलवार को अपनी धर्मपत्नी रजनी ठाकुर के जन्म दिन के मौके पर मनाली के समीप वन विभाग के विज्ञान गृह लाॅग हट परिसर में देवदार के पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों तथा आम लोगों से अनौपचारिक वार्तालाप के दौरान गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि सभी लोगों को अपने तथा अपने प्रियजनों के जन्मदिन, विवाह-शादी अथवा अन्य खुशी के मौकों जैसे बच्चे के जन्म पर यादगार स्वरूप पौधा लगाना चाहिए जो सदैव उस दिन की खुशी को ताजा करता रहेगा। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जब भी पौधे का रोपण करें तो इसकी निरंतर देखभाल करते रहे ताकि पौधे की जीवंतता को सुनिश्चित बनाया जा सके।
वन मंत्री ने कहा कि वन हमारी अमूल्य संपदा है। इसका कोई विकल्प नहीं है। वनों से शुद्व हवा व साफ-सुथरा पर्यावरण मिलता है जो मनुष्य, वन्य प्राणियों व जीव जंतुओं सभी को स्वस्थ रखने में मददगार होता है। उन्होंने कहा कि वन विभाग इस वर्ष प्रदेश में लोगों की सहभागिता के साथ सवा करोड़ पौधों का रोपण करेगा। इसके लिए सभी लोगों का सहयोग आवश्यक है।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि वनों को आग से बचाना जरूरी है। कुछ लोग निजी स्वार्थ के लिए वनों को आग के हवाले करने से गुरेज नहीं करते। ऐसा करना पाप है और कानूनन जुर्म भी। कहीं पर भी आग जैसी घटना का अंदेशा हो तो जल्द से वन विभाग को सूचित करें और स्थानीय लोगों को भी आग बुझाने के कार्य में जोड़ें, तभी हम अपने जंगलों को बचा पाएंगे।

News Archives

Latest News