लोगो में गंभीर बीमारियों का पता लगाने में कारगर होगा हिम सुरक्षा अभियान: डाॅ. सुशील चन्द्र

Kullu Others

DNN कुल्लू (ब्यूरो)

23 नवम्बर। हिम सुरक्षा अभियान कुल्लू जिला में आगामी 25 नवम्बर से 27 दिसम्बर तक चलेगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुशील चन्द्र ने सोमवार को पतली कूहल में स्वास्थ्य कर्मियों व आशाओं के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम गत 21 नवम्बर को आयोजित किया गया था और अब प्रशिक्षण ब्लाॅक स्तर पर आयोजित किये जा रहे हैं। एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में चिकित्सकगण, फार्मासिस्ट, स्वास्थ्य कर्मी व आशा वर्करों ने भाग लिया।


डाॅ. सुशील ने कहा कि हिम सुरक्षा अभियान जिला के लोगों में कोविड के साथ-साथ गंभीर बीमारियों का पता लगाने में कारगर सिद्ध होगा। अभियान जिलाभर में चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण करेंगे। इसके लिए पहले ही जिलाभर के लिए चिकित्सा खण्ड स्तर पर टीमों का गठन कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं सहित स्वास्थ्य कर्मियों को ब्लाॅक स्तर पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। आशा कार्यकर्ताओं को प्रतिदिन की दर से अभियान के दौरान आर्थिक प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। आशा के साथ टीम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आयुष फार्मासिस्ट अथवा अन्य विभागों में तैनात इस प्रकार के कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आशा को पैड प्रदान किए गए हैं जिन पर साॅफ्टवेयर को अपलोड किया गया है। इसमें स्वास्थ्य मुद्दों को लेकर कुछ काॅलम निर्धारित किए गए हैं जिनके आधार पर घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी उपलब्ध होगी।


बीमारियों जिनका विवरण टीमें अपलोड करेगी
डाॅ. सुशील ने बताया कि अभियान के दौरान मुख्यतः जिन बीमारियों का पता लगाया जाएगा उनमें मधुमेह, क्षयरोग, हाईपरटेंशन, कुष्ठ रोग, कोविड-19 शामिल हैं। इस दौरान बुजुर्गों तथा अन्य सिमटम वाले व्यक्तियों का स्पुटम ये टीमें अस्पतालों तक पहुंचाएंगी जहां प्रयोगशाला तकनीशियन जांच करके क्षयरोग अथवा अन्य रोग का पता लगाएंगे। उन्हें भी विशेष प्रोत्साहन प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। अभियान के दौरान विशेषकर बुजुर्गोें की बीमारियों का अच्छे से पता लगाने की कोशिश की जाएगी।
आशा व स्वास्थ्य कर्मियों को स्टेशन न छोड़ने की हिदायत
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने समस्त स्वास्थ्य कर्मियों व आशा को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी स्टेशन न छोडे़। हालांकि अपरिहार्य परिस्थितियों में अनुमति लेना जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि अभियान को 100 फीसदी सफलता प्रदान करनी है और इसके लिए सभी एकजुट व टीम की भावना के साथ जुट जाएं। मौसमी परिस्थितियां कैसी भी हो, रूकना नहीं है और जिला के हर घर तक पहुंच कर लोगों में कोरोना तथा अन्य गंभीर बीमारियों का पता लगाना है। उन्होंने आशा से अपील की कि वे घरों में जाकर लोगों से अपना सरल परिचय देकर उनसे आग्रह करें कि हम आपकी स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से आपके पास आएं हैं। उन्होंने कहा कि डाटा बहुत महत्वपूर्ण है और आशा इसका सही इंदराज करके पैड पर इसे सुरक्षित रखें। अभियान के दौरान एकत्र किया गया सम्पूर्ण डाटा पोर्टल पर अपलोड होगा जिससे जिला में स्वास्थ्य की स्थित की जानकारी हासिल होगी।
जनमानस से सहयोग की अपील
डाॅ. सुशील चन्द्र ने जिला के लोगों से अपील की है कि वे निजी स्वास्थ्य की चिंता करते हुए स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें और अपने स्वास्थ्य के बारे में पूरी जानकारी सांझा करें। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी एक गंभीर समस्या है और सभी लोगों को एकजुट इसका सामना करना है। उन्होंने आशा से भी सबसे पहले अपना व परिवार का स्वास्थ्य सही रखने को कहा ताकि वे लोगों की सेवा कर सकें। उन्होंने आशाओं से कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए अभियान की सफलता के लिए सेवाभाव के साथ काम करें।
आईईसी गतिविधियां भी अभियान का अह्म हिस्सा होंगी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अभियान के दौरान सभी टीमों को अनेक प्रकार की बीमारियों के बारे में जानकारी से युक्त प्रचार सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इस दौरान लोगों में विभिन्न बीमारियों विशेषकर कोरोना संक्रमण से बचाव के बारे में जागरूकता भी फैलाई जाएगी। लोगों में जो गंभीर बीमारी सामने आएगी उसी का पैम्फलेट उन्हें दिया जाएगा ताकि वे सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरत सकें।
जिला लोक सम्पर्क अधिकारी प्रेम ठाकुर भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

News Archives

Latest News