लोगों के कल्याण को ध्यान में रखकर सरकार करेगी यह काम

Kangra Politics

DNN पालमपुर 

 स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि सुलह विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान के साथ साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे लोगों की अपेक्षाओं एवं आकांशाओं को पूरा करने एवं उनके हितांके संरक्षण के लिए  प्रतिबद्ध हैं। विपिन सिंह परमार आज ननाओं में लोगों की समस्याओं को सुनने के उपरांत बोल रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने  लोगों की अधिकतर समस्याओं का मौके पर समाधान कर दिया तथा शेष समस्याओं के समाधान के लिए सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर अधिकारियों से मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और इन्हें समयबद्ध पूरा करने के आदेश दिये। उन्होंने सभी विभागों को उनकी घोषणाओं से जुड़े लम्बित कार्यों के कार्यान्वयन में गति लाने के निर्देश दिये ताकि जनकल्याण की इन परियोजनाओं को शीघ्र जनता को समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर सरकार आम आदमी की सरकार है। 

ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को विशेष प्राथमिकता
  परमार ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के निर्धनतम व्यक्ति के विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है । सरकार ने जनसाधारण के कल्याण के लिए अनेक नई योजनाएं एवं कार्यक्रम आरंभ किए हैं।
    परमार नेे कहा कि वृद्धावस्था, विधवा, बेसहारा, विकलागों व कुष्ठरोगियों को दी जाने वाली 750 रुपये पेंशन को बढ़ाकर 850 रुपये किया गया है, ताकि समाज के हर वर्ग तक लाभ पहुंच सके। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों की पेंशन बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह की गई है और यह वृद्धि 1 जूुलाई से पूरे प्रदेश में लागू की जाएगी।

 अनेक विकास कार्यक्रम एवं योजनाएं आरंभ
    परमार ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार गरीबों के विकास के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के वंचित तबकों के लोगों के कल्याण को ध्यान में रखकर अनेक विकास कार्यक्रम एवं योजनाएं आरंभ की गई हैं।  उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों से इन योजनाओं की पूरी जानकारी लें तथा इनका लाभ उठाएं।
  

News Archives

Latest News