लोक निर्माण मंत्री ने चियोग-टियाली-धमांदरी-सैंज सड़क तथा टियाली-नहोल संपर्क सड़क का किया निरीक्षण

Politics Shimla

Dnewsnetwork

प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ठियोग विधानसभा क्षेत्र में एक दिवसीय प्रवास के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा की | इस मोके पर निर्माणाधीन चियोग-टियाली-धमांदरी-सैंज सड़क का निरीक्षण तथा टियाली-नहोल संपर्क सड़क की डंपिंग साइट का निरीक्षण किया | टियाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए
प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि फागू से चियोग-टियाली-धमांदरी-सैंज संपर्क सड़क की अपग्रेडेशन पर 20 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है जिसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि फागू से आने वाली चियोग-धमांदरी-सैंज सड़क काफी पुरानी सड़क है जिसकी आवश्यकतानुसार समय समय पर मेटलिंग-टायरिंग होती रहती है लेकिन क्षेत्र के लोगों की मांग ओर ट्रैफिक की बढ़ती समस्या के कारण इस क्षेत्र की सड़क को अपग्रेड करना आवश्यक था, जिसका निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि इस सड़क को अपग्रेड करते समय जहां भी डंगे लगने हैं उन स्थलों पर गुणवत्ता के आधार पर समयावधि के भीतर सड़क कार्य एवं डंगे लगाने का कार्य पूर्ण किया जाएगा जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं| उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मांग पर शाकीलधार से नहोल संपर्क सड़क का निर्माण किया जाएगा जिस पर 7 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी ।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में समान विकास सुनिश्चित किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सड़कों के निर्माण पर विशेष ध्यान दे रही है । उन्होंने बसेवड़ा धार से बखारी खड्ड तक एम्बुलेंस रोड बनाने, टियाली में आयुर्वेदिक पीएचसी के नए भवन के निर्माण में हो रही देरी का शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करवाने का आश्वासन भी दिया । इसके आलावा उन्होंने टियाली-नहोल सड़क पर ठेकेदार द्वारा की गई डंपिंग को चेक करने के विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यदि डंपिंग चिन्हित स्थानों पर नहीं हुई है तो डीएफओ ठियोग नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें।

उन्होंने धमांदरी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें पिछले दिनों इस क्षेत्र के प्रसिद्ध सरयाली मेले में आना था, लेकिन केरला राज्य में आयोजित सेमिनार में जाना पड़ा, जिस कारण मेले मे नहीं आ सका| उस समय क्षेत्र के लोगों से बात कर उन्होंने वादा किया था कि ठियोग क्षेत्र के विकास को तीव्रता प्रदान करने एवं विभिन्न सड़कों के लिए राशि मुहैया करवाने के लिए जरूर आऊंगा । उन्होंने कहा कि आप लोगों के बीच में आज आने का मौका मिला है | उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक के साथ मिलकर ठियोग क्षेत्र का विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण यशवंत नगर-छैला-नेरीपुल सड़क की अपग्रेडेशन के लिए 200 करोड़ रूपये की राशि खर्च की जाएगी । इस सड़क के बनने से सैंज, छैला, कोटखाई, तथा जुब्बल व रोहड़ू सहित उपरी क्षेत्र के लोगों को आवाजाही तथा सेब मार्किट तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी । उन्होंने कहा कि थरोटी से धमांदरी तथा धमांदरी से शरयाना संपर्क सड़कों को अपग्रेड किया जाएगा जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी आह्वान किया कि वह शीघ्र गिफ्टडीड देना सुनिश्चित करें ताकि सड़कों को अपग्रेड किया जा सके।

रहईघाट की जनसभा में उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में ठियोग विधानसभा क्षेत्र के लिए 16 सड़कें अवार्ड हुई है | उन्होंने कहा कि पिछली बरसात के दौरान रहई घाट ठियोग सड़क काफी धस गई थी, जिसे रिकॉर्ड 52 घंटों में ब्रिज सहित तैयार कर आवाजाही को सुचारू किया गया। उन्होंने कहा कि मतीयाना से छैला वाया कोटखाई 26 किलोमीटर सड़क जो लगभग 15 पंचायतों से होकर जाएगी पर 38 करोड़ खर्च किए जा रहे है लेकिन सड़क का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि नांगलदेवी से नलेयां सड़क का आज निरीक्षण किया गया जिसकी हालत बहुत खराब है। उन्होंने कहा कि इस सड़क की पुनः मेटलिंग-टायरिंग कार्य के लिए बजट का प्रावधान कर लिया गया है और आने वाले समय में इस सड़क का भी सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम ठियोग के विकास कार्य के लिए अधिक से अधिक राशि उपलब्ध करवाई जायेगी ताकि नगर निगम क्षेत्र के सभी छोटे-छोटे कार्यों को पूर्ण किया जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने टियाली, नहोल, बलग, ददास, धमांदरी पंचायत क्षेत्र तथा नंगल देवी रहईघाट क्षेत्र के लोगों की समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों के सहयोग से अधिकतर समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया।

News Archives

Latest News