लैंड होने से पहले ही क्रैश हुआ विमान, 50 लोगों की मौत

Crime National/International

काठमांडू

नेपाल में काठमांडू इंटरनैशनल एयरपोर्ट पर विमान क्रैश हो गया। यह विमान बांग्लादेश की यूएस-बांग्ला एयरलाइन का था। विमान त्रिभुवन इंटरनैशनल एयरपोर्ट के पूर्वी भाग में जाकर गिरा। एयरपोर्ट के प्रवक्ता प्रेमनाथ ठाकुर ने कहा है कि दुर्घटना में कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। दुर्घटनाग्रस्त यूएस-बंगला एयरलाइंस के विमान में सवार कई यात्रियों के शव बुरी तरह जली हुई हालत में मिले हैं। हवाई अड्डा के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में 78 लोग थे जिनमें से 17 लोगों को बचा लिया गया है। अभी तक मृतकों तथा झुलसे यात्रियों की संख्या के बारे में सही जानकारी नहीं मिल पाई है।
‘काठमांडू पोस्ट’ के मुताबिक, सिविल एविएशन अथॉरिटी ऑफ नेपाल के डायरेक्टर जनरल संजीव गौतम ने बताया कि रनवे पर लैंड करते समय विमान का संतुलन बिगड़ गया था। उन्होंने कहा, ‘विमान को रनवे के दक्षिणी तरफ से लैंड करने की अनुमति थी लेकिन विमान उत्तरी तरफ से लैंड करने लगा। हम अब भी दुर्घटना के पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।’ अधिकारियों ने विमान में तकनीकी खराबी की भी आशंका जाहिर की है।
एयरपोर्ट के प्रवक्ता प्रेमनाथ ठाकुर के मुताबिक, विमान लैंड करते समय झुक गया और तभी उसमें आग लग गई, जिसके बाद वह पास के फुटबॉल ग्राउंड में जा गिरा। गौरतलब है कि विमान ने ढाका से उड़ान भरी थी और दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर काठमांडू में लैंड करने वाला था। क्रैश के बाद एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है।

News Archives

Latest News