DNN सोलन
22 जनवरी। मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार ने आज दून विधानसभा क्षेत्र के बद्दी के बसंती बाग में राम मंदिर निर्माण कार्य का भूमि पूजन सम्पन्न किया। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए अपनी ओर से 05 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
उन्होंने इस अवसर पर मंदिर में स्थापित की जाने वाली मूर्तियों का व्यय वहन करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि बद्दी में भगवान श्री राम का प्रथम मंदिर होगा। मंदिर का निर्माण एक वर्ष में पूर्ण कर लिया जाएगा।
राम कुमार ने इस अवसर पर कहा कि जन-जन की भगवान राम में आस्था है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सहित पूरे विश्व में भगवान राम की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेशवासियों विशेषकर दून विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए भगवान श्री राम से सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।
उन्होंने तदोपरांत दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंधाला में लोगों की समस्याओं सुनी और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि शिक्षित बेरोज़गार युवाओं को स्वरोज़गार प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्ट-अप योजना आरम्भ की गई है।
राम कुमार ने बद्दी शहर में सोरल लाईटें तथा साईं मार्ग के दोनों ओर डिवाईडर लगाने के लिए लगभग एक करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की।
उन्होंने कहा कि बद्दी से कालूझंडा सड़क मार्ग पर जल्द ही स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बरोटीवाला, बनलगी, सुबाथू सड़क विस्तारीकरण के लिए 134 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार कर दी गई है।
उन्होंने इससे पूर्व दून विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंधाला में आयोजित आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंधाला को मुख्यमंत्री एक्सीलेंस स्कूल बनाने की घोषणा की।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंधाला में विज्ञान प्रयोगशाला को सीएसआर के माध्यम से बनवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्कूल प्रबंधन कमेटी को अपनी ऐच्छिक निधि से 10 हजार रुपए देने की घोषणा की।
इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति दून के अध्यक्ष कुलतार सिंह ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस समिति के उप कोषागार एवं नगर परिषद बद्दी के पूर्व अध्यक्ष मदन लाल चौधरी, नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष तरसेम चौधरी, पार्षद सुरजीत चौधरी तथा राहुल बसंल, ग्राम पंचायत मंधाला की प्रधान लता देवी, बीडीसी सदस्य शिवकुमार, वार्ड सदस्य सुच्चा सिंह, ज़िला कांग्रेस के उपाध्यक्ष भाग चंद शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंधाला की प्रधानाचार्य किरण बाला, एसएमसी प्रधान प्रेमलता सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, स्थानीय निवासी तथा छात्र उपस्थित थे।















