DNN नौणी
1 जनवरी। हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आज राजभवन में डॉ वाईएस परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी द्वारा प्रकाशित किसान हैंडबुक का विमोचन किया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के कलेंडर का भी विमोचन किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची, सचिव राज्यपाल राकेश कंवर और विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ परविंदर कौशल भी उपस्थित रहे। राज्यपाल ने किसानों के हित में किए गए विश्वविद्यालय के इस प्रयास की सराहना की। डॉ कौशल ने यह किसान हैंडबुक माननीय मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को भेंट की और नव वर्ष की शुभकामनाएँ दी।
इस किसान हैंडबुक में विभिन्न बागवानी और कृषि वानिकी फसलों के लिए पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेस (पीओपी) के बारे में जानकारी दी गई है, जो राज्य के किसानों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए फायदेमंद होगी। पी ओ पी बुआई से कटाई तक विभिन्न फसलों की अनुशंसित उत्पादन तकनीक है जो किसानों को उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने में मदद करेगी।
बागवानी फसलों में फल,सब्जियां,फूल,औषधीय और सुगंधित पौधे,मशरूम और उनके बीज उत्पादन और कटाई के बाद के प्रबंधन शामिल हैं। वानिकी से संबंधित प्रौद्योगिकी के बीच, प्रमुख जोर कृषि वानिकी फसलों, वृक्ष सुधार और वन उत्पाद उपयोग पर दिया गया है। इसके अलावा, डायरी में मृदा विज्ञान और जल प्रबंधन, मधुमक्खी पालन, पर्यावरण विज्ञान और अन्य संबद्ध क्षेत्रों के बारे में जानकारी शामिल है। इसके अलावा, इस प्रकाशन में विश्वविद्यालय के बारे में जानकारी, विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, राज्य सरकार और लाइन विभाग के संपर्क नंबर भी शामिल हैं।















