DNN जाबली (सोलन) (जयदेव अत्रि)
07 जनवरी। हिमाचल के प्रवेश द्वार परवाणू में बुधवार को फैंके गए मुर्गों की रिपोर्ट अभी आई नहीं कि दूसरे दिन चक्कीमोड में भारी मात्रा मृत मुर्गे मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दूसरे दिन इस प्रकार से भारी मात्रा में मरे मुर्गों के मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हालांकि, बुधवार से ही प्रशासन इस मामलें को लेकर अलर्ट है। लेकिन, दूसरे दिन भी चक्कीमोड के समीप हाई-वे किनारे मृत मुर्गों का मिलना प्रश्न भी खड़े कर रहा है। उधर, मौके की सूचना मिलने के बाद उपमंडलाधिकारी कसौली ने मौके का दौरा किया है और पशुपालन विभाग को निर्देश जारी कर दिए है।
जानकारी के अनुसार कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर चक्की मोड़ पर बुधवार रात कोई अज्ञात व्यक्ति लगभग 200 मरे हुए मुर्गे फेंक गया। गुरुवार सुबह भी जब यह देखा तो इसकी जानकारी प्रशासन व पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पशुपालन विभाग की जिला स्तरीय टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने इस मृत मुर्गों के झुंड से 05 रैंडम सैम्पल लिए है। जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।
उपमंडलाधिकारी कसौली, पशु पालन विभाग व पुलिस की टीम ने किया मौके का निरीक्षण
कालका-शिमला नेशनल हाई-वे पांच पर गुरुवार को भी मृत मुर्गों का झुंड की जानकारी मिलते उपमंडलाधिकारी कसौली डा. संजीव कुमार धीमान सहित पशु पालन विभाग के उप-निदेशक डा. भारत भूषण गुप्ता व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंची। इस दौरान उपमंडलाधिकारी कसौली डा. संजीव कुमार धीमान ने पशु पालन विभाग व पुलिस को इस मामले में गहनता से जांच के निर्देश दिए है।
क्या कहना है पशु पालन विभाग के उपनिदेशक का
पशु पालन विभाग के उप-निदेशक डा. भारत भूषण गुप्ता का कहना है कि जानकारी मिलने के बाद जिला स्तरीय टीम को मौके पर भेजा गया था और स्वयं भी मौके का निरीक्षण किया है। 05 रैंडम सैम्पल ले लिए गए है। इन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
क्या कहना है उपमंडलाधिकारी का
उपमंडल अधिकारी कसौली डॉक्टर संजीव कुमार धीमान का कहना है कि उन्हें जैसे ही इस बारे जानकारी मिली तो वह तुरंत मौके पर पहुंच गए और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पशुपालन विभाग व पुलिस को इस मामले में गहनता से जांच करने के निर्देश जारी कर दिए हैं और पशुपालन विभाग ने सैंपल जांच के लिए जालंधर भेजे हैं। इसकी रिपोर्ट आने पर ही पता चल पाएगा कि क्या यह मुर्गे बर्ड फ्लू के कारण मरे है या कोई अन्य कारण है।















