DNN धर्मपुर(सोलन) ब्यूरो (आदित्य सोफत)
10 मार्च। मैट्रिक की प्री-बोर्ड परीक्षा देने आया छात्र कोरोना पॉजिटिव निकल गया। गले मे दर्द की शिकायत व बुखार होने के बाद छात्र का स्कूल प्रशासन ने कोरोना वायरस का टैस्ट करवाया और टैस्ट में छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। छात्र के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्कूल प्रशासन अलर्ट हुआ और छात्र के संपर्क में आने वाले अन्य छात्रों व अध्यापकों के कोरोना टैस्ट करवाएं गए है।
स्कूल में एसओपी के मुताबिक ही किया जा रहा है कार्य
जानकारी के अनुसार इन दिनों मैट्रिक की प्री-बोर्ड की परीक्षाएं चली हुई है। परीक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राओं को एसओपी के मुताबिक स्कूल में प्रवेश दिया जा रहे है। मंगलवार को भी परीक्षा देने के लिए छात्र स्कूल में आया और स्कूल में आने के बाद छात्र की थर्मल स्कैनिंग व हाथ सेनेटाइज किया गया। इसके बाद छात्र परीक्षा देने के लिए परीक्षा रूम में गया, लेकिन छात्र द्वारा इस दौरान अध्यापक को बताया कि उसके गले मे दर्द हो रही है। इसको लेकर तुरन्त उपस्थित अध्यापक द्वारा प्रधानाचार्य को इस बात से अवगत करवाया और तुरन्त छात्र को एक अलग कमरें में बिठाया। बुखार व गले की शिकायत के बाद स्कूल प्रशासन ने खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर को जानकारी दी। इसके बाद छात्र का रैपिड एंटीजन टैस्ट के माध्यम से सैम्पल जांच की और जांच के दौरान सैम्पल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके पश्चात स्कूल प्रशासन से स्वास्थ्य विभाग ने मिलकर प्राथमिक सम्पर्क की ट्रेसिंग की।
बुधवार को बनाया गया अलग रूम
बुधवार को भी परीक्षा होने के चलते तुरन्त अलग से रूम बनाया गया और प्राथमिक संपर्क में आने वाले छात्र-छात्राओं को अलग से बने रूम में परीक्षा दिलाई गई और परीक्षा के बाद 22 छात्र-छात्राओं सहित 03 अध्यापकों के आरटीपीसीआर के जरिए सैम्पलिंग करवाई गई व 03 छात्रों के सैम्पल रैपिड एंटीजन टैस्ट के माध्यम से जांचे गए।
चिकित्सकों से साधा गया सम्पर्क
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर के प्रधानाचार्य डा. सुनील कुमार पाल ने बताया कि छात्र द्वारा इस बारे बताए जाने पर तुरत चिकित्सकों से संपर्क साधा गया और कोविड टैस्ट करवाया गया है, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव है। प्राथमिक सम्पर्क में आने वालों को तुरन्त एहतिहात बरतने को कहा गया और उनके भी आरटीपीसीआर के जरिए टैस्ट करवा दिए गए है। पॉजिटिव छात्र की परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से ली जाएगी।
स्कूल किया सेनेटाइज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मपुर के खंड चिकित्सा अधिकारी डा. अमित रंजन तलवार ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्कूल को सेनेटाइज करवाया गया है। छात्र के सम्पर्क में आने वाले छात्र-छात्राओं व अध्यापकों के आरटीपीसीआर के जरिए टैस्ट करवाए गए हैं।















