मुख्यमंत्री राहत कोष से 28 लाभार्थियों को बांटे 10 लाख के चैक: सत्ती

Politics Una
DNN ऊना
20 अगस्त। छठे राज्य वित्तायोग अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने आज रक्कड़ गांव में 28 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से लगभग 10 लाख रूपये की राशि के चैक वितरित किये गये।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए सत्ती ने कहा कि वर्तमान केन्द्र व राज्य सरकार ने जन कल्याणकारी योजनाओं का आर्थिक लाभ सीधा अंतिम छोर पर बैठे निर्धन तबके तक पहुंचे, इसके लिए सीधे लाभार्थी के बैंक खातों के माध्यम से प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को संवेदनशील व जन-साधारण के प्रति जवाबदेह बनाकर जन-मंच कार्यक्रम के माध्यम से जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है। विकास में जन-भागीदारी को सुनिश्चित करने, बेटी है अनमोल, महिला कल्याण, स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरुकता अभियान चलाने तथा सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों पर नागरिकों की राय जानने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का सदुपयोग सुनिश्चित किया है। इसके अलावा लोगों की समस्याओं के त्वरित निदान के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 के माध्यम से घर बैठे समस्याओं का निदान किया जा रहा है।
सतपाल सत्ती ने कहा कि सरकार ने वृद्धजनों के लिए सामाजिक सुरक्षा पैंशन में वृद्धि के साथ-साथ पात्रता के लिए आयुसीमा को भी कम किया ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत पहुँचाई जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने महिलाओं को चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाने के लिए हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना व प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना आरम्भ करके राज्य के हर परिवार में घरेलू गैस कुनैक्शन सुनिश्चित किये। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को लगभग 3500 रूपये के मूल्य का पैकेज़ निःशुल्क प्रदान किया गया। इसके अलावा आर्थिक तंगी के कारण कोई भी नागरिक गंभीर बीमारियों की स्थिति में इलाज करवाने से वंचित न रहे, इसके लिए केन्द्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना आरम्भ की, जबकि इस योजना में कवर न होने वाले गरीब व मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए राज्य सरकार ने हिमकेयर योजना संचालित कर एक बहुत बड़ी संख्या में लोगों को संजीवनी प्रदान की।
इस अवसर पर रायपुर ग्राम पंचायत प्रधान रोहित कुमार, बडेहर के अवतार सिंह, झोड़ोवाल के रामकुमार, नंगड़ा की पूर्व प्रधान कमला चौधरी, उपप्रधान बनगढ़ सुनील कुमार सोनी व भड़ोलियां के राजेश कुमार काला सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News