मुख्यमंत्री ने चंबा में की प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा 

Himachal News Others Shimla
DNN चंबा 
08 अक्टूबर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसी माह 13 तारीख को प्रस्तावित चंबा दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज चंबा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को प्रधानमंत्री के आकांक्षी जिला चंबा के दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए पर्याप्त और पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री 180 मेगावाट की बजोली जल विद्युत परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा वह 48 मेगावाट की चांजू-3 जल विद्युत परियोजना और 30.5 मेगावाट की दयोथल चांजू जल विद्युत परियोजना का शिलान्यास करेंगे तथा पीएमजीएसवाई-3 का शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री चंबा के प्रसिद्ध चौगान में जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था किए जाएं और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चंबा शहर की ओर जाने वाली सड़कों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के अलावा शहर और उसके आसपास बसों एवं अन्य वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहनों का सुचारू और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो।
जय राम ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को शहर में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनसभा से पहले और इसके उपरांत शहर में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद चंबा के अधिकारियों को रैली से पहले और रैली के उपरांत शहर तथा उसके आसपास सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे चंबा शहर को आकर्षक और खूबसूरती से सजाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री प्रस्तावित जनसभा स्थल चौगान मैदान गए और वहां तैयारियों का जायजा लिया।
इसके पश्चात, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर चंबा जिला के भाजपा पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की।
उपायुक्त चंबा डी.सी. राणा ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी।
पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने भी यातायात योजना के संबंध में विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज, मुख्य सचेतक एवं भटियात के विधायक विक्रम जरयाल, चंबा के विधायक पवन नैयर, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज, एपीएमसी के अध्यक्ष डी.एस. ठाकुर, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति निगम के उपाध्यक्ष जय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जसबीर नागपाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती: जय राम ठाकुर
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चंबा में जिला भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के कल्याण, विकास और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला से प्रदेश की महिलाओं के लिए नारी को नमन कार्यक्रम शुरू किया गया था, जिसके अन्तर्गत महिला यात्रियों को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 प्रतिशत की रियायत प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बस किराए में यह रियायत राजनीतिक कदम नहीं है, बल्कि नारी शक्ति को सुदृढ़ करने के हमारे संकल्प की दिशा में एक छोटा सा कदम है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, बेटी है अनमोल, महिला स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता आदि योजनाएं आरम्भ की गई हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बीमार मरीजों के परिवारों के लिए सहारा योजना वरदान साबित हो रही है, क्योंकि ऐसे परिवारों को 3000 रुपये प्रतिमाह प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि किसी अन्य मुख्यमंत्री ने गरीब वर्ग के लोगों के लिए ऐसी योजनाएं शुरू करने के बारे में क्यों नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी उपलब्ध करवा रही है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज, मुख्य सचेतक एवं भटियात के विधायक विक्रम जरयाल, चंबा के विधायक पवन नैयर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद और अन्य पदाधिकारी व्यक्ति थे।

News Archives

Latest News