मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी से BJP की होगी जीत

Mandi Politics
DNN मंडी
भाजपा कार्यकर्ताओं तथा जनता के  जोश एवं उत्साह से स्पष्ट है कि इस बार भी लोकसभा क्षेत्र मंडी के भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा रिकार्ड मतों से विजयी होंगे तथा सिराज विधानसभा क्षेत्र से उन्हें सर्वाधिक बढ़त मिलेगी।
यह बात मुख्यमंत्री  जयराम ठाकुर ने आज मण्डी जिले के बालीचैकी  में भारतीय जनता युवा मोर्चा सिराज मंडल के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के दूरदर्शी एवं कुशल नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास के  नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश को ऐसे ही ओजस्वी नेतृत्व की आवश्यकता है ताकि भारत विश्व की एक बड़ी ताकत बनकर उभर सकें। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल के दौरान सभी वर्गों का एक समान विकास किया है। यही कारण है कि कांग्रेस एक भी आरोप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नहीं लगा पा रहे हैं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि इन पांच वर्षों में केन्द्र की मोदी सरकार ने सभी वर्गों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। केन्द्र सरकार ने देश के किसानों  की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए एक बड़ी योजना शुरू की है जिसका लक्ष्य वर्ष 2022 तक देश के किसानों की आय को दुगुना करना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत हिमाचल के लाखों किसान परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आरम्भ कर देश के 50 करोड़ से अधिक लोगों को लाभान्वित किया है।  इस योजना से हिमाचल प्रदेश के लगभग 22 लाख लोग लाभान्वित हो  रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल के विकास के लिए हजारों करोड़ों रुपए का सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि रामस्वरूप शर्मा ने बतौर सांसद मंडी संसदीय क्षेत्र का हरसंभव विकास किया है। सांसद निधि के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र में कई विकास करवाए हैं। रामस्वरूप शर्मा ने हमेशा संसद में भी मंडी की आवाज बुलंद की है। ऐसे में अब मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता को लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से  रामस्वरूप शर्मा को जीत दिलानी होगी।
सिराज विधानसभा क्षेत्र के 71 परिवारों ने  भाजपा सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भाजपा का दामन थामा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पार्टी में शामिल होने के लिए सभी सदस्यों का स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी  रामस्वरूप शर्मा सहित भाजपा व युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व अन्य उपस्थित रहे।

News Archives

Latest News