DNN नालागढ
22 फरवरी जल भंडारण योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में 8 से 10 लाख लीटर जल ग्रहण क्षमता की 150 जल भंडारण संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। वन विभाग के माध्यम से चलाई जा रही चलाई जा रही इस योजना में 100 करोड़ पर खर्च किए जा रहे हैं। यह जानकारी दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत थाना के गांव धर्मपुर में लगभग 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित किए जा रहे बांध के शिलान्यास अवसर पर दून विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने दी। उन्होंने कहां की बढ़ती जनसंख्या के इस दौर में प्राकृतिक संसाधन सीमित होते जा रहे हैं इसलिए वर्तमान में जल, जंगल व जमीन का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का परम दायित्व है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से बीबीएन क्षेत्र में पौधारोपण के अतिरिक्त नदी नालों के तटीकरण तथा वर्षा जल संग्रहण से संबंधित कार्यों एवं परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
दून विधायक ने कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण विपरीत वित्तीय परिस्थितियों के बावजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आजादी के पश्चात 70 वर्षों में पूरे प्रदेश में से 6 लाख 64 हजार नल लगाए गए थे जबकि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर में नल स्थापित किए जा रहे हैं तथा केवल 2 वर्षों के दौरान ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में 6 लाख 78 हजार नल लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से आज हिमाचल प्रदेश में तीन लाख 24 हजार महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि गत 4 वर्षों के दौरान दून विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। बद्दी साईं रामशहर सड़क पर 175 करोड़ पर खर्च किए जा रहे हैं। सिंचाई सुविधा को बढ़ाने तथा सुधार करने के उदेश्य से 20 टयूबैल का कार्य शुरू होने जा रहा है जबकि 10 टयूबैल की सवीकृति प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।
इससे पूर्व वन मंडल नालागढ़ के उप अरनयपाल यशुदीप सिंह ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित आए सभी मेहमानों का विधिवत स्वागत किया तथा प्रदेश सरकार द्वारा वन विभाग के माध्यम से जनहित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। यशुदीप सिंह ने बताया कि जल भंडारण योजना के अंतर्गत वन मंडल नालागढ़ में ग्राम पंचायत थाना तथा खेड़ा में जल भंडारण संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है तथा ग्राम पंचायत थाना के गांव धर्मपुर में निर्मित की जा रही जल भंडारण संरचना का निर्माण आगामी 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। कार्यक्रम में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में दून भाजपा मंडल के अध्यक्ष बलवीर ठाकुर व उपाध्यक्ष कृष्ण कौशल, बीडसी नालागढ़ के उपाध्यक्ष प्रेम चंद ठाकुर, नगर परिषद बद्दी के उपाध्यक्ष मान सिंह मेहता, राजकुमार चौधरी भाजपा एसटी मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, गीता राम उप प्रधान ग्राम पंचायत थाना, वरिष्ठ भाजपा नेता गुरमेल सिंह चौधरी, राजेंद्र झला, सोनी प्रधान, दिनेश काकू, चरण दास, सीता राम, राम गोपाल शर्मा, माधो राम मेहता, दीवान चंद, राज कुमार संडोली, बलविंदर कुमार, बलविंदर बिंदु, पाली चौधरी, हुसन धीमान, राममूर्ति के अतिरिक्त थाना पंचायत के पूर्व प्रधान अशोक कुमार, तरसेम चौधरी, ढेला पंचायत के पूर्व उपप्रधान काका राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।