DNNकुल्लू
3 जून।मानसून के दौरान सभी जिलावासी सतर्कता बरतें। नदी नालों में उफान के चलते इनके समीप न जाएं। प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट को हल्के में न लें। भारी बारिश के अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा को स्थगित कर दें। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने मॉनसून के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये बात कही।
उन्होंने पर्यटकों से भी अपील करते हुए कहा कि पर्यटक भारी बारिश के अलर्ट में अपनी यात्री स्थगित करें। अकेले ट्रेकिंग पर न जाएं। मानसून के दौरान यदि पर्यटक ट्रेकिंग पर जाते हैं तो इस कार्य के लिए पंजीकृत संस्था का ही सहयोग लें तथा उचित सूचना के साथ ही ट्रेकिंग पर निकलें।
बैठक में उन्होंने मानसून को लेकर विभिन्न विभागों से फीडबैक लिया और सभी संबंधित विभागों को तैयारियां पूरी करने के लिए कहा। उन्होंने गृह रक्षा विभाग को लगातार निगरानी रखने के लिए दो टीम गठन के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को ड्रेनेज को दुरुस्त करने को कहा। सभी नगर पंचायतों और नगर परिषद को भी इस कार्य में कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने बैठक में सेना और अर्धसैनिक बलों को अलर्ट के दौरान बेहतर संवाद स्थापित करने की अपील की। साथ ही अलर्ट के दौरान सभी ऐसे जवानों की सूची सौंपने के लिए कहा जो रेस्क्यू आदि कार्य में दक्ष हैं। उपायुक्त ने सभी एसडीएम को निर्देश जारी किए कि वे प्रतिदिन के नुकसान की सूचना जिला प्रशासन को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने नदियों के किनारे जहां पर्यटक ज्यादा संख्या में किनारों पर उतरते हैं, वहां होर्डिंग लगाने के दिशा निर्देश भी जारी किए।
आशुतोष गर्ग ने सभी जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि डीसी कुल्लू के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करें। प्रशासन की ओर से अलर्ट सहित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां पेज पर तुरंत अपलोड की जाती हैं। उन्होंने कहा कि अलर्ट की पुख्ता जानकारी को लोग विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करें ताकि लोग जागरूक हो सके लेकिन लोग अफवाह न फैलाएं।
उपायुक्त ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों को खतरनाक पेड़ों की चिन्हित करने और उन्हें हटाने को लेकर आगामी कार्रवाई पर भी निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति और बिजली विभाग सहित अन्य विभागों को आपदा की दृष्टि से खतरनाक स्थानों को चिन्हित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।















