महाराष्ट्र से SOLAN पहुंचे 41 लोग 2 महीने के बाद पहुंचे अपने प्रदेश

Others Solan

DNN सोलन 

वैश्विक महामारी कोविड-19 के दृष्टिगत देश भर में घोषित लॉकडाउन के कारण अपने परिजनों से दूर सोलन के उन 41 व्यक्तियों ने उस समय ईश्वर का आभार व्यक्त किया जब 02 माह के अन्तराल के उपरान्त वे अपने प्रदेश पहुंचे। 
महाराष्ट्र से विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से ऊना पहुंचे 605 हिमाचलियों ने रेलवे स्टेशन पर कदम रखते ही राहत की सांस ली। इन 605 व्यक्तियों में 41 व्यक्ति जिला सोलन के हैं। इनमें 35 पुरूष तथा 06 महिलाएं हैं। 
इन सभी 41 व्यक्तियों को प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों के माध्यम से नालागढ़ पहुंचाया गया। यहां इन सभी का पूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इन सभी को संस्थागत क्वारेनटाइन किया गया है। 
महाराष्ट्र के मुम्बई में काम करने वाले सोलन जिला के कसौली के गढ़खल के रहने वाले कपिल अत्री ने इस संकट काल में घर से इतनी दूर कार्यरत हिमाचल वासियांे को राज्य तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश सरकार तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे जीवन भर प्रदेश सरकार के आभारी रहेंगे। 
सोलन के शिल्ली के रहने वाले अग्रज शर्मा ने कोविड-19 के कारण उत्पन्न खतरे के दृष्टिगत उन्हें अपने घर तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार तक आग्रह पहुंचाने के बाद न केवल उन्हें पहले बस के द्वारा समीप के रेलवे स्टेशन तक पहुंचाया गया और फिर विशेष रेलगाड़ी के माध्यम से हिमाचल तक। 
नालागढ़ के मितियां के रहने वाले राजेंद्र महाराष्ट्र में मजदूरी कर अपना और अपने परिजनों का जीवनयापन कर रहे हैं। लॉकडाउन के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। उन्होंने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि न केवल उनकी पुकार सुनी गई अपितु उन्हें अपने घर तक भी पहुंचाया गया। अन्य सभी प्रदेशवासियों ने भी इस आपातकाल में सही समय पर सहायता करने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। 
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल ने इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर देश के विभिन्न राज्यों से विशेष रेलगाडि़यों के माध्यम से सोलन जिला के निवासियों को निर्धारित संस्थागत क्वारेनटाइन स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक देश के अलग-अलग राज्यों से 156 सोलन वासियों को वापिस लाया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है और प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशानुसार इन्हें क्वारेनटाइन सुविधा में रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रदेश सरकार के निर्देश पर विभिन्न राज्यों से आने वाले सोलन वासियों की सुविधा के लिए कृतसंकल्प है। इस दिशा में सभी एहतियाती प्रबंध सुनिश्चित बनाए गए हैं। 

News Archives

Latest News