महंगाई को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, विधायक विनय बोले-2022 में 68 खाने चित होगी भाजपा सरकार

Himachal News Others Sirmaur

DNN नाहन

24 नवंबर। बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ ददाहू बाजार में एक जन जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान स्थानीय कांग्रेसी विधायक विनय कुमार के नेतृत्व में कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बता दें कि कांग्रेस द्वारा प्रदेश भर में महंगाई को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए जन जागरूकता रैलियां व पदयात्रा निकाली जा रही है और इसी के तहत आज कांग्रेस ने ददाहू में सरकार के खिलाफ यह प्रदर्शन किया।
इस मौके पर विधायक विनय कुमार ने कहा कि जब से केंद्र सहित प्रदेश में भाजपा सरकारें बनी है, तब से महंगाई सातवें आसमान को छू रही है। आम आदमी का जीना दुर्भर हो गया है। हर वस्तुओं के दामों में प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। उपचुनाव में हार के बाद पैट्रोल-डीजल के दामों में कुछ कमी की गई। विधायक विनय कुमार ने प्रदेश की जयराम सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि महंगाई इसी तरह बढ़ती रही, तो प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा 68 खाने चित हो जाएगी। अभी तक उपचुनाव में 4 खाने की ही चित हुई है। उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि वह महंगाई के मुद्दे पर सरकार की जनविरोधी नीतियों को आमजन के बीच लेकर जाएं और लोगों को यह भी बताए कि पूर्व में वीरभद्र सरकार के शासन में किस तरह सरकारी डिपुओं में लोगों को सस्ता राशन मिलता था।
कांग्रेस विधायक विनय कुमार ने यह भी कहा कि प्रदेश भर में सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते कांग्रेस को लोगों का भारी जनसमर्थन मिल रहा है और अब लोगों ने भाजपा सरकार को उखाड़ फैंकने का मन बना लिया है।

News Archives