Dnewsnetwork
कुछ दिनों पहले सोलन जिला के बददी (Baddi) में भाजपा नेता के साथ उनके घर पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच करने के बाद पुलिस ने यह गिरफ्तारी की है।
आरोपियों ने भाजपा नेता पर तब हमला किया था जब वह अपने घर की छत पर नमाज अदा कर रहा था। एसपी विनाेद धीमान ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हांडाकुण्डी में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 31 जनवरी 2026 को शिकायतकर्ता राज मोहम्मद खान के साथ मारपीट की थी। इस मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस थाना बद्दी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि जब वह अपने घर की छत पर था तब तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके व उनके बहनोई रफीक के साथ मारपीट की और हथियार दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान और उप पुलिस अधीक्षक बद्दी योगराज चंदेल ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मामले में नाज़र खान निवासी गांव पपलोहा, डाकघर व तहसील कालका, जिला पंचकूला, हरियाणा और प्रभजोत सिंह निवासी गांव परछ, डाकघर मुल्लापुर, तहसील खरड़, जिला एसएएस नगर मोहाली को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।















